हिंदी
विकासनगर बाजार में अवैध फेरीवालों पर सख्ती
Dehradun: विकासनगर में दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए बाजार की व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मंगलवार को नगर पालिका सभागार में क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने व्यापार मंडल विकासनगर और स्थानीय व्यापारियों के साथ अहम बैठक की। इस बैठक का प्रमुख उद्देश्य बाजार में अनियंत्रित रूप से फल और सब्जियों की रेडी लगाने वाले अवैध फेरीवालों पर नियंत्रण करना था।
विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बैठक में साफ कहा कि बाहर से आए हुए लोग, जो बाजार में अवैध रूप से फंड या सब्जी की रेडी लगाते हैं, उन पर अब सख्ती से रोक लगाई जाएगी। ऐसे फेरीवाले ना केवल बाजार में भीड़भाड़ और जाम की स्थिति पैदा करते हैं, बल्कि स्थानीय व्यापारियों के लिए भी असुविधा का कारण बनते हैं।
अवैध खनन पर शिकंजा: विकासनगर में पुलिस और खनन विभाग ने 6 ट्रैक्टर ट्रॉली की सीज
उन्होंने कहा, स्थानीय व्यापारियों को त्योहारों में व्यापार करने का पूरा हक है, लेकिन बाहर से आए अवैध फेरीवालों को हम बाजार में अनधिकृत व्यापार नहीं करने देंगे।
क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान
इस अभियान को सफल बनाने के लिए विधायक ने व्यापार मंडल से भी सहयोग मांगा। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने प्रशासन के साथ मिलकर काम करने का भरोसा दिलाया। विधायक चौहान ने कहा कि इस प्रयास में नगर पालिका और पुलिस प्रशासन की भी मदद ली जाएगी ताकि बाजार में शांति और व्यवस्था बनी रहे।
बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि विकासनगर के स्थानीय व्यापारी, दशहरा और दीपावली के अवसर पर अपनी दुकानों के आगे सीमित रूप से अस्थायी व्यापार कर सकेंगे। उन्हें यह छूट दी जाएगी, ताकि वे त्योहार के समय अपनी बिक्री बढ़ा सकें और उपभोक्ताओं को भी खरीदारी में सहूलियत हो।
इस फैसले का व्यापारियों ने स्वागत किया और विधायक का धन्यवाद किया। एक व्यापारी ने कहा, यह निर्णय सही समय पर लिया गया है। बाहर से आकर अवैध रूप से व्यापार करने वालों पर रोक जरूरी थी।
Dehradun News: विकासनगर में गणेशोत्सव की रौनक, भक्तों ने हर्षोल्लास से की गणपति की अगवानी
विकासनगर बाजार में अक्सर जाम की समस्या देखने को मिलती है, खासकर त्योहारों के समय। विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने बताया कि इस बार त्योहारों के दौरान बाजार क्षेत्र में ट्रैफिक बंद रखा जाएगा। ट्रैफिक पुलिस और नगर पालिका संयुक्त रूप से रूट प्लान तैयार कर रही है ताकि पैदल चलने वालों को भी परेशानी न हो और वाहन व्यवस्थित रूप से पार्क हों।
Location : Dehradun
Published : 11 September 2025, 11:01 AM IST