हिंदी
उत्तराखंड में 13 दिसंबर से शीतलहर का असर तेज हो गया है। पहाड़ी जिलों में बर्फबारी और माइनस तापमान की चेतावनी है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा और सर्द हवाएं जनजीवन को प्रभावित कर रही हैं।
उत्तराखंड में ठंड ने बढ़ाई मुश्किलें (Img- Google)
Dehradun: उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। सुबह के समय सड़कें, खेत-खलिहान और खुले मैदान पाले की सफेद चादर से ढके नजर आ रहे हैं। पहाड़ों में सुबह-शाम की ठंड हाड़ कंपा देने वाली है, हालांकि दिन के समय खिल रही हल्की धूप लोगों को थोड़ी राहत जरूर दे रही है।
मैदानी इलाकों की बात करें तो सुबह के वक्त घना कोहरा और सर्द हवाएं जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रही हैं। कामकाज पर जाने वाले लोगों को खासा परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार आज यानी 13 दिसंबर से प्रदेशभर में शीतलहर का असर और तेज होने वाला है। विशेषकर हिमालयी जिलों चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में भारी बर्फबारी की चेतावनी जारी की गई है। इन इलाकों में तापमान शून्य से नीचे जाने की पूरी संभावना है।
यूपी में ठंड और कोहरे का डबल अटैक, कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य; जानें मौसम का हाल
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के समय तापमान माइनस डिग्री तक जा सकता है, जिससे पानी जमने और पाले की परत जमने की स्थिति बन रही है। इससे फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
प्रदेश में मौसम में आए इस बदलाव का कारण नया पश्चिमी विक्षोभ बताया जा रहा है। इसके चलते उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में ठंड का ग्राफ लगातार नीचे जा रहा है।
मैदानी इलाकों में शीतलहर और घने कोहरे का सीधा असर यातायात पर पड़ रहा है। सुबह के समय दृश्यता बेहद कम हो जाने से वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
शीतलहर का प्रकोप तेज (Img- Google)
आज राजधानी देहरादून समेत कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। बादलों की वजह से धूप कमजोर रहेगी, जिससे ठंड का एहसास और बढ़ जाएगा।
पहाड़ी जिलों में हल्का हिमपात हो सकता है, जबकि मैदानी इलाकों में दिन की शुरुआत घने कोहरे के साथ होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मैदानी क्षेत्रों में सुबह के समय न्यूनतम तापमान 3°C से 6°C के बीच रह सकता है। देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और काशीपुर जैसे इलाकों में सुबह-सुबह धुंध और कोहरा छाया रहेगा, जिससे दृश्यता 50 से 200 मीटर तक सिमट सकती है।
उत्तर भारत पर सर्दी, कोहरा और प्रदूषण का तिहरा वार; पहाड़ों में जमी झीलें
पर्वतीय जिलों में तापमान –2°C से 2°C के बीच रहने का अनुमान है। उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कई स्थानों पर पानी जमने और पाले की परत बनने की स्थिति बन सकती है। अधिकतम तापमान मैदानी इलाकों में 14°C से 17°C तक, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में 6°C से 10°C तक ही सीमित रहने की संभावना है।
तेज ठंड, घने कोहरे और बर्फबारी को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी जरूर लेने की अपील की गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता जरूरी है।