हिंदी
उत्तर भारत में सर्दी का कहर
New Delhi: दिसंबर के दूसरे सप्ताह में उत्तर-मध्य भारत भीषण ठंड, घने कोहरे और प्रदूषण के संयुक्त असर से जूझ रहा है। पहाड़ी राज्यों से लेकर गंगा-सिंधु के मैदानी इलाकों तक मौसम के बदले मिजाज ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। जहां उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे चला गया है और पानी जमने लगा है, वहीं दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कोहरे और जहरीली हवा ने लोगों का सांस लेना मुश्किल कर दिया है।
उत्तर भारत के गंगा-सिंधु मैदानों में इस समय सर्दी, प्रदूषण, कोहरे और धुंध का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। कम तापमान, हवा की धीमी गति और वातावरण में अधिक नमी के कारण प्रदूषक कण नीचे की सतह पर ही अटके हुए हैं। इसका नतीजा यह है कि धुंध और धुएं के मिलने से घना स्मॉग बन रहा है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी और राजस्थान के कई इलाकों में दृश्यता काफी कम हो गई है।
आज बदल सकता है उत्तराखंड का मौसम! ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के संकेत, बढ़ेगी सर्दी की मार
राजधानी दिल्ली में भी आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के संकेत हैं। न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ही सुबह के समय घना कोहरा छाने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की गति कमजोर रहने से प्रदूषण फिलहाल बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह के समय बाहर निकलने से बचने और मास्क का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार उत्तर-पूर्व भारत में उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम सक्रिय है। इसकी गति लगभग 105 नॉट्स आंकी गई है। इसके साथ ही 13 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत को प्रभावित करेगा। इसके चलते कई राज्यों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और ठंड और तेज हो सकती है।
Weather Update: भारत के उत्तर और पूर्वी राज्यों में सर्दी का कहर, मौसम विभाग का अलर्ट
उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है और फिलहाल राहत के आसार नहीं हैं। कई जिलों में आसमान बादलों से घिरा रहने की संभावना है, जिससे धूप कमजोर रहेगी और ठंड अधिक महसूस होगी। मौसम विभाग के अनुसार 14 दिसंबर को ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और हल्की बर्फबारी हो सकती है, जिससे तापमान और नीचे जा सकता है।
हिमाचल प्रदेश में सर्दी अपने चरम पर पहुंच गई है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में पारा -4.6 डिग्री तक लुढ़क गया। शिमला मौसम केंद्र के अनुसार 13 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे जनजीवन और प्रभावित हो सकता है।
जम्मू-कश्मीर में इस साल सर्दी ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। कश्मीर घाटी में शीतलहर अपने चरम पर है। जोजिला पास के पास तापमान -20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो फिलहाल देश में सबसे कम तापमान बताया जा रहा है। गुलमर्ग में -4.5 डिग्री, जबकि श्रीनगर में -1.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। झीलों और जलस्रोतों पर बर्फ की पतली परत जमने लगी है।
Location : New Delhi
Published : 13 December 2025, 7:26 AM IST