SIR मामले में अखिलेश यादव का बड़ा बयान, कहा- चुनाव आयोग का झंडा भाजपाइयों के घर लगा दो

फार्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग और भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने वोट कटौती को साजिश बताते हुए सुप्रीम कोर्ट से हस्तक्षेप की मांग की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 February 2026, 5:51 PM IST
google-preferred

Lucknow: चुनावी प्रक्रिया के नाम पर अगर वोट छीनने की साजिश रची जाए, तो इसे क्या कहा जाएगा? उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर बड़ा आरोप गूंजा है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान फार्म-7 के कथित दुरुपयोग को लेकर चुनाव आयोग और भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला है। आरोप इतने गंभीर हैं कि उन्होंने सर्वोच्च न्यायालय से तत्काल हस्तक्षेप की मांग तक कर दी है। अखिलेश का कहना है कि अब इंसाफ की उम्मीद सिर्फ अदालत से ही बची है।

फार्म-7 को लेकर बड़ा आरोप

गुरुवार को एक के बाद एक एक्स पोस्ट में अखिलेश यादव ने कई वीडियो साझा किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी अपराधियों की तरह व्यवहार कर रहे हैं। उनका दावा है कि उत्तर प्रदेश में बीएलओ को प्रताड़ित किया जा रहा है, उन पर दबाव और धमकी डालकर पीडीए समाज, खासतौर से अल्पसंख्यक समुदाय के वोट फर्जी दस्तावेजों के जरिए काटे जा रहे हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के खिलाफ साजिश बताया।

बदायूं में दूल्हे की धमाकेदार एंट्री, हेलीकॉप्टर से आया दुल्हन को लेने, गांव वालों ने जीजा जी से कहा…

दावा-आपत्ति पर तत्काल रोक की मांग

अखिलेश यादव ने मांग की है कि एसआईआर प्रक्रिया में फार्म-7 के दुरुपयोग पर तुरंत रोक लगे। उन्होंने कहा कि हर मतदाता के संवैधानिक अधिकार की रक्षा होनी चाहिए। बीएलओ पर जबरदस्ती करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो और फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराई जाए। जब तक पारदर्शी व्यवस्था न बने, तब तक फार्म-7 के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाया जाए और अब तक जमा किए गए सभी फार्म-7 रद्द किए जाएं। साथ ही दावा-आपत्ति की पूरी प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग भी की गई।

भाजपा की हताशा या हार का डर

सपा प्रमुख ने पत्रकारों और ईमानदार अधिकारियों से अपील की कि वे सामने आएं और देश विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ाई में साथ दें। उन्होंने पीडीए प्रहरियों से भी आह्वान किया कि हर वैध वोट को बचाने के लिए पूरी मुस्तैदी से जुट जाएं। अखिलेश ने कहा कि यह सब भाजपा की आने वाली हार की हताशा है। जैसे-जैसे पीडीए परिवार बढ़ रहा है, वैसे-वैसे भाजपा घबरा रही है।

बीवी की जासूसी बलमा पर भारी, क्या आपने नहीं पढ़ा मैनपुरी का यह गजब मामला?

चुनाव आयोग या भाजपा कार्यालय?

एक अन्य पोस्ट में अखिलेश यादव ने भाजपा कार्यालय से फार्म-7 बांटे जाने का वीडियो साझा करते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा कि अब तो चुनाव आयोग का झंडा भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों पर लगा देना चाहिए। सवाल उठाया कि क्या चुनाव आयोग ने अपना काम भाजपा को ठेके पर दे दिया है या भाजपा ने आयोग को संविदा पर रख लिया है।

आज वोट, कल सब कुछ

अखिलेश यादव ने चेतावनी देते हुए कहा कि जो आज वोट छीनेगा, वह कल जनता का सब कुछ छीन लेगा। उन्होंने इसे ‘अंधेर नगरी, चौपट आयोग’ करार दिया।

Location : 
  • Lucknow

Published : 
  • 5 February 2026, 5:51 PM IST

Advertisement
Advertisement