नए साल पर उत्तराखंड में मौसम की दोहरी मार, पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी, मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट

उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है, जबकि मैदानी इलाकों में घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में खराब वायु गुणवत्ता चिंता बढ़ा रही है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 1 January 2026, 9:10 AM IST
google-preferred

Dehradun: मौसम विज्ञान केंद्र ने आज और कल उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। वहीं मैदानी इलाकों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे जनजीवन के साथ-साथ परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ रहा है।

तापमान सामान्य से अधिक

इस बार सर्दियों में बारिश और बर्फबारी के इंतजार में दिसंबर का महीना लगभग सूखा बीत गया। इसका सीधा असर तापमान पर देखने को मिला। प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में तापमान सामान्य से अधिक बना रहा। हालांकि दिसंबर के अंतिम सप्ताह में तापमान में गिरावट आई और ठिठुरन बढ़ी, लेकिन बारिश न होने से सूखी ठंड लोगों को परेशान करती रही।

Weather Update: नए साल के पहले हफ्ते में कड़ाके की ठंड, घना कोहरा और पहाड़ों पर बर्फबारी का कहर

देहरादून में नहीं हुई बारिश

आमतौर पर देहरादून में दिसंबर के महीने में अच्छी बारिश होती है, लेकिन इस बार एक बूंद भी बारिश नहीं हुई। बारिश न होने का सबसे बड़ा असर वायु गुणवत्ता पर पड़ा। देहरादून का एक्यूआई स्तर बेहद खराब श्रेणी में पहुंचते हुए 329 दर्ज किया गया। वहीं, ऋषिकेश की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर रही और वहां एक्यूआई मध्यम श्रेणी में 136 दर्ज किया गया।

तापमान में आई गिरावट, शीत दिवस की स्थिति

बुधवार को देहरादून में पूरे दिन बादल छाए रहे, जिससे तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शहर में शीत दिवस की स्थिति रही। देहरादून का अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी की संभावना (Img- Internet)

उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 15.4 और न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19.4 और न्यूनतम 5.9 डिग्री रहा, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 16.8 और न्यूनतम 6.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कोहरे से परिवहन सेवाएं प्रभावित

मैदानी इलाकों में घने कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। देहरादून आने वाली हवाई सेवाएं रद्द करनी पड़ीं, जबकि दो उड़ानें देरी से पहुंचीं। इसके अलावा ट्रेनों के संचालन पर भी असर पड़ा है और कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।

इन जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, अल्मोड़ा और चंपावत में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है।

Dehradun: जाते साल को ऐसे किया विदा, वृक्षारोपण कर दिया ये संदेश

3000 मीटर से ऊपर बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग ने बताया कि बर्फबारी मुख्य रूप से 3000 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में होने की संभावना है। राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रह सकता है। मौसम में इस बदलाव से पहाड़ों में ठंड और बढ़ने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में कोहरे से सावधानी बरतने की जरूरत है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 1 January 2026, 9:10 AM IST

Advertisement
Advertisement