उत्तराखंड में ठंड का कहर: पहाड़ों में पाला, मैदानी इलाकों में घना कोहरा, IMD का ऑरेंज अलर्ट

उत्तराखंड में भीषण ठंड का दौर जारी है। पहाड़ों में पाला पड़ रहा है, जबकि मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाया हुआ है। IMD ने कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। बारिश और बर्फबारी से ठंड और बढ़ने की संभावना है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 21 December 2025, 7:57 AM IST
google-preferred

Dehradun: उत्तराखंड में ठंड ने एक बार फिर अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में सुबह से ही कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। हल्के बादलों के बीच पहाड़ों में जमकर पाला पड़ रहा है, जिससे फसलों और दैनिक जीवन पर असर पड़ रहा है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है।

मैदानी जिलों में कोहरे का कहर

उधम सिंह नगर, हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी, रुड़की और ऋषिकेश जैसे मैदानी इलाकों में शनिवार शाम से ही घना कोहरा छाया हुआ है। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो रहा है। सुबह के समय वाहन चालकों को खासा सतर्क रहना पड़ रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उधम सिंह नगर और हरिद्वार जिले में घने से घना कोहरा छाने और भीषण शीत दिवस की स्थिति को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तर भारत में सर्दी का कहर बरकरार, वायु प्रदूषण और कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें; कई उड़ानें रद्द

इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने नैनीताल, पौड़ी, चंपावत और देहरादून के मैदानी इलाकों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। बीते शनिवार को कोहरे के कारण मैदानी क्षेत्रों के तापमान में सामान्य से 9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। इसके उलट, पहाड़ी क्षेत्रों में धूप खिलने से दिन का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना रहा।

बारिश और बर्फबारी के आसार

IMD के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही 3500 मीटर या इससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। बारिश और बर्फबारी होने की स्थिति में प्रदेश में ठंड और बढ़ जाएगी।

बर्फबारी-बारिश के आसार (सोर्स- गूगल)

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद एक बार फिर 4 डिग्री तक तापमान गिरने की आशंका है। क्रिसमस के दौरान प्रदेश में बेहद ठंडा मौसम रहने की संभावना है।

जानिए तापमान का हाल

प्रदूषण कम होने के कारण पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर दिन का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा, जबकि टिहरी में यह 1 डिग्री अधिक दर्ज हुआ।

शनिवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 9 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 14.5 और न्यूनतम 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 20.1 और न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

दिल्ली के प्रदूषण ने तोड़ा 8 साल का रिकॉर्ड, सांस लेना हुआ मुश्किल

सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों को घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने और गर्म कपड़े पहनने की अपील की गई है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 21 December 2025, 7:57 AM IST