Uttarakhand News: जनता दरबार में उठा स्कूल बदहाली का मुद्दा, डीएम ने दिए ये निर्देश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरिद्वार कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 15 July 2025, 11:08 PM IST
google-preferred

Uttarakhand: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जन समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हरिद्वार कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। सोमवार को हुए इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए सैकड़ों लोगों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। कुल 28 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि कुछ मामलों को संबंधित विभागों को भेजते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश डीएम ने दिए।

डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार जनता दरबार में जलभराव, पेयजल संकट, अतिक्रमण, बिजली कनेक्शन, भूमि विवाद और खराब सड़कों जैसी रोजमर्रा की समस्याओं के अलावा शिक्षा व्यवस्था की बदहाली का मामला भी जोरशोर से उठा। इब्राहिमपुर गांव से आए मोहम्मद तालिब ने अपने गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय की दुर्दशा का मुद्दा उठाते हुए बताया कि विद्यालय में अध्यापकों की भारी कमी है। स्कूल भवन जर्जर हालत में है और बरसात में बच्चों की पढ़ाई में खलल पड़ता है। तालिब ने बताया कि विद्यालय में केवल एक शौचालय है, जिसमें बालिकाओं के लिए कोई अलग व्यवस्था नहीं है। रसोईघर की छत बरसात में टपकती रहती है, जिससे बच्चों की सुरक्षा पर भी संकट बना रहता है।

तालिब की शिकायत सुनने के बाद जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने तत्काल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को विद्यालय में अध्यापकों की कमी को दूर करने, भवन की मरम्मत कराने और शौचालय की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि बच्चों की पढ़ाई और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं और गांववासियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जनता दरबार में अधिकारियों की सक्रिय मौजूदगी और तत्काल कार्यवाही से लोगों में संतोष देखा गया। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े। जनता दरबार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां आमजन अपनी बात सीधे अफसरों तक पहुंचा सकते हैं। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की शिकायतों का निस्तारण पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ किया जाए ताकि शासन-प्रशासन पर जनता का विश्वास और मजबूत हो सके।

Location :