

उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। पहाड़ों में भूस्खलन और मैदानी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई सड़कें बंद हैं। मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक येलो अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड में आफत की बारिश (सोर्स- इंटरनेट)
Dehradun: उत्तराखंड में मानसून की बारिश अब लोगों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में हो रही रुक-रुक कर तेज बारिश के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जहां मैदानी इलाकों में जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
मसूरी बैंड पर भारी मलबा आने के कारण मार्ग पूरी तरह से बंद हो गया है। जीवन आश्रम के पास सड़क वॉशआउट हो गई है, जिससे संपर्क मार्ग ठप हो गया है। आमशेरा के पास मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हुआ, जिससे लंबा जाम लग गया।
उत्तराखंड में फिर दिखेगा भयानक मंजर! चमोली जिले के थराली में भूस्खलन से तबाही, मकानों में आईं दरारें
इसके अलावा, रानीपोखरी-गुजराड़ा, देवप्रयाग-गजा और डाबरखाल-कुरी-गुरीयाली मार्ग भी बंद हैं। रायपुर-कुमाल्डा, पलेठी-पंज्यौरा और गूलर-सिल्कयानी-मटियाली मार्ग भी मलबे में दबे हुए हैं। प्रशासन द्वारा युद्धस्तर पर सड़कें खोलने का प्रयास किया जा रहा है और भारी मशीनरी लगाई गई है।
मौसम विभाग ने 20 सितंबर तक प्रदेश में लगातार बारिश की संभावना जताई है। देहरादून, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चम्पावत और नैनीताल जिलों में गर्जना के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, देहरादून, चमोली, चम्पावत, उधम सिंह नगर, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और नैनीताल में कहीं-कहीं भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है।
सोर्स- इंटरनेट
राजधानी देहरादून में आज आसमान आंशिक से सामान्यतः बादल युक्त रहेगा। एक-दो दौर की हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है।
धिकतम तापमान: 32°C
न्यूनतम तापमान: 24°C
देहरादून में सोमवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पंतनगर में अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों की बात करें तो मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री और न्यूनतम 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि नई टिहरी में अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
उत्तराखंड में बारिश का कहर: हाईवे बाधित, जनजीवन प्रभावित, जानें अपने जिले का हाल
उत्तराखंड प्रशासन ने संवेदनशील इलाकों में यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। लोक निर्माण विभाग, आपदा प्रबंधन टीमें और पुलिस लगातार अलर्ट पर हैं। जिन मार्गों पर मलबा जमा है, उन्हें जल्द से जल्द खोलने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम पूर्वानुमान की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।