देवभूमि में कोरी ठंड का प्रकोप: पाला और कोहरे ने बढ़ाई मुसीबत, जानें आज का मौसम हाल

उत्तराखंड में शुष्क मौसम और शीतलहर से ठंड बढ़ गई है। पाला पहाड़ी सड़कों पर फिसलन बढ़ा रहा है जबकि मैदानी क्षेत्रों में कोहरा परेशानी बन गया है। बढ़ती ठंड से सांस के मरीज प्रभावित हो रहे हैं। आने वाले दिनों में भी मौसम इसी तरह शुष्क रहने का अनुमान है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 24 November 2025, 8:18 AM IST
google-preferred

Dehradun: देवभूमि उत्तराखंड इन दिनों भीषण शुष्क ठंड और शीतलहर के साए में है। प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है, जिससे आमजन को तीखी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। मौसम शुष्क होने के बावजूद कोरी ठंड लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुकी है। पहाड़ों से लेकर मैदानों तक सुबह और शाम की तेज़ ठंड यात्रा और दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है।

पाले ने पहाड़ों में बढ़ाईं मुश्किलें

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में पाला जमना शुरू हो गया है। सड़कों पर जमा यह पाला कांच की तरह फिसलन भरा हो रहा है, जिससे वाहनों के फिसलने और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। पहाड़ी मार्गों पर सफर करने वाले वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। फसलों पर भी पाले का असर दिखाई देने लगा है। तापमान गिरने से खेतों में खड़ी सब्जियों और अन्य फसलों को नुकसान पहुंच रहा है, जिससे किसान चिंतित हैं।

मैदानों में कोहरा और बढ़ती फजीहत

मैदानी जिलों हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कोहरा और कुहासा लोगों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। सुबह के समय दृश्यता कम होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। तापमान में लगातार गिरावट के चलते लोग सामान्य कार्यों के लिए भी सुबह बाहर निकलने से बच रहे हैं।

Weather Update: कड़ाके की ठंड के लिए हो जाईये तैयार! ठिठुरन के साथ बारिश बढ़ाएगी कंपकपाहट

शुष्क ठंड ने सांस के मरीजों को किया परेशान

छाती एवं श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुराग का कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में चल रही ‘कोरी ठंड’ बच्चों और बुजुर्गों के लिए अधिक समस्याएं पैदा कर रही है। ठंडी और शुष्क हवा के कारण वायरल संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है। हवा में मौजूद धूल के कण सांस नली के जरिए फेफड़ों तक पहुंचकर संक्रमण बढ़ा रहे हैं। उन्होंने लोगों को बाहर निकलते समय मास्क पहनने और मुंह ढकने की सलाह दी है। डॉक्टरों के अनुसार शीतलहर सांस के मरीजों की स्थिति को और गंभीर बना सकती है, इसलिए सावधानी जरूरी है।

उत्तराखंड में शीतलहर का कहर (सोर्स- गूगल)

मौसम का मिजाज रहेगा शुष्क

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में बारिश या बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। मौसम इसी तरह शुष्क और ठंडा बना रहेगा। 24 नवंबर को भी पूरे उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। पर्वतीय इलाकों में पाला पड़ता रहेगा, वहीं मैदानों में कोहरा छाया रहने की संभावना है। देहरादून में आसमान साफ रहेगा, सुबह के समय हल्का कुहासा रह सकता है। आज राजधानी का अधिकतम तापमान लगभग 25°C और न्यूनतम तापमान 8°C रहने का अनुमान है।

मुख्य शहरों का तापमान

बीते 24 घंटे में प्रदेशभर में तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया
1. देहरादून: अधिकतम 24.8°C, न्यूनतम 9.1°C
2. पंतनगर: अधिकतम 24.7°C, न्यूनतम 8.2°C
3. मुक्तेश्वर: अधिकतम 14.9°C, न्यूनतम 3.2°C
4. नई टिहरी: अधिकतम 16.4°C, न्यूनतम 4.3°C

पर्वतीय जिलों में तापमान में तेजी से गिरावट देखी जा रही है, जिससे वहां की ठंड मैदानी क्षेत्रों की तुलना में कहीं अधिक कड़ी हो गई है।

Uttarakhand News: ग्रामीण आत्मनिर्भरता की नई कहानी: मीनााक्षी एंटरप्राइज से रोजगार और विकास

लोगों को दी गई जरूरी सलाह

मौसम विभाग और स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि वे सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय गर्म कपड़ों का उपयोग करें। अनावश्यक यात्रा से बचें तथा पहाड़ी मार्गों पर सतर्कता के साथ वाहन चलाएं। बदलता मौसम बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए अधिक संवेदनशील है, इसलिए आवश्यक सावधानियां बरतना बेहद जरूरी है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 24 November 2025, 8:18 AM IST