हिंदी
तल्लीताल क्षेत्र के गेठिया के पास शनिवार को बड़ा हादसा हुआ, जहां दर्शन के लिए जा रही कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में दो युवकों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस और SDRF ने रेस्क्यू कर घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा।
नैनीताल में खाई में गिरी कार
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल में बदलते मौसम के चलते सड़क हादसों को सिलसिला और बढ़ चुका है। जहां इसी कड़ी में एक और सड़क हादसे की घटना जुड़ चुकी है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, नैनीताल जिले के तल्लीताल इलाके में गेठिया के नज़दीक शनिवार को एक बेहद दुखद सड़क हादसा सामने आया, जिसमें दर्शन करने जा रहे चार युवकों की कार अचानक मोड़ पर अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल मिले।
स्थानीय लोगों की सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस, SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू कार्य शुरू किया।
जानकारी के मुताबिक UP 78 HJ 4936 नंबर की कार करीब सौ मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी, जिसके कारण चारों युवक वाहन के अंदर फंसे हुए थे। सभी लोग उन्नाव से जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए इस हादसे ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
रेस्क्यू टीमों ने घंटों की मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला और उन्हें 108 एम्बुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घायलों की पहचान अतुल दुबे और श्याम, दोनों निवासी पीतांबर नगर उन्नाव के रूप में हुई है।
वहीं दुर्घटना में अभिराज और अंकित चौधरी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पंचनामे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोनों शव बी.डी. पांडे जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए हैं। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है और अब दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।