हिंदी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु उत्तराखण्ड के तीन दिवसीय दौरे पर रविवार को देहरादून पहुंचीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। वे अभी पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल हुई है। यहां पढ़ें पूरी खबर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
Dehradun: उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन किया। राष्ट्रपति मुर्मु के इस दौरे को देवभूमि के लिए ऐतिहासिक बताया जा रहा है। राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनका यह आगमन उत्तराखण्डवासियों के लिए गौरव और सम्मान का विषय बना हुआ है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नैसर्गिक सौंदर्य, आध्यात्मिक ऊर्जा, समृद्ध संस्कृति, शौर्य, पराक्रम और गौरवशाली परंपराओं से ओत-प्रोत देवभूमि उत्तराखण्ड में महामहिम का स्वागत करना स्वयं में गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति महोदया का यह दौरा राज्य के विकास पथ पर एक प्रेरणादायी अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने प्रदेश की जनता की ओर से राष्ट्रपति के प्रति आभार और शुभकामनाएँ व्यक्त कीं।
एयरपोर्ट पर औपचारिक स्वागत के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हेलीकॉप्टर से हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय पहुंचीं। यहां पहुंचने पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, विश्वविद्यालय के अधिकारियों और पतंजलि परिवार ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का देवभूमि उत्तराखण्ड में आगमन, राज्य स्थापना दिवस के रजत उत्सव पर बना ऐतिहासिक क्षण। पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह से लेकर विधानसभा सत्र तक व्यस्त कार्यक्रम। #Uttarakhand #PresidentMurmu #PushkarSinghDhami #FoundationDay @pushkardhami pic.twitter.com/Kf5GVW9i6n
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) November 2, 2025
विश्वविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों और अकादमिक स्टाफ के साथ राष्ट्रपति का फोटो सेशन संपन्न हुआ। इसके बाद वे पतंजलि विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। समारोह के दौरान राष्ट्रपति ने स्वर्ण पदक विजेता छात्रों को सम्मानित किया और उन्हें देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।
हरिद्वार से राष्ट्रपति मुर्मु देहरादून के लिए रवाना हुईं। यहां वे निकेतन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और रात्रि विश्राम भी यहीं करेंगी। राज्य सरकार के अधिकारियों के अनुसार, सोमवार को सुबह 11 बजे वे विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी। यह सत्र उत्तराखण्ड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।
राष्ट्रपति को राज्यपाल पुष्प भेंट करते हुए
सोमवार शाम साढ़े पांच बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु नैनीताल के राजभवन पहुंचेंगी। यहां वे राजभवन की स्थापना के 125 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस अवसर पर वे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के साथ समारोह में उपस्थित रहेंगी।
राष्ट्रपति दौरे से पहले नैनीताल में अलर्ट, दो दिन तक इन वाहनों को नहीं मिलेगी एंट्री
राजभवन कार्यक्रम के बाद मंगलवार सुबह राष्ट्रपति कैंचीधाम स्थित बाबा नीब करौरी आश्रम जाएंगी और दर्शन करेंगी। यह कार्यक्रम आध्यात्मिक और सांस्कृतिक दोनों ही दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसके बाद अपराह्न तीन बजे वे कुमाऊं विश्वविद्यालय, नैनीताल के दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। यहां भी वे विद्यार्थियों को संबोधित करेंगी और श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों को पदक प्रदान करेंगी।