Pantnagar: कीचड़ में गिरी बुलेट… ऊपर पड़ा था शव, दो दिन तक किसी को भनक तक नहीं लगी

उत्तराखंड के पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंगलवार सुबह कीचड में एक बुलेट मिली। लोगों की नजर जब इस बुलेट पर पड़ी तो सभी के होश उड़ गए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 July 2025, 9:23 PM IST
google-preferred

Pantnagar: उत्तराखंड के पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब मंगलवार सुबह एक युवक का शव खेतों के बीच कच्चे रास्ते में गिरी बुलेट बाइक पर पड़ा मिला। शव लगभग दो दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान बहेड़ी (बरेली, यूपी) निवासी 29 वर्षीय लक्ष्य संधू पुत्र सुखविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो 28 जून से लापता था। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी बहेड़ी कोतवाली में दर्ज कराई थी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, घटना की शुरुआत उस वक्त हुई जब विवि परिसर के पक्केनाल फार्म में काम करने वाले मजदूरों ने खेत के पास कीचड़ में गिरी बुलेट बाइक (UK06-AQ-3105) देखी। बाइक पर ही एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा था। मजदूरों ने तत्काल खेत मालिक सोनू चीमा को सूचित किया, जो विश्वविद्यालय से लीज पर खेती कर रहे हैं। सोनू ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विवि के कुलपति को जानकारी दी। कुलपति ने तुरंत सुरक्षाधिकारी को अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया।

एसआई दिनेश रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में युवक की जेब से आधार कार्ड बरामद हुआ, जिससे उसकी पहचान लक्ष्य संधू के रूप में हुई। घटनास्थल से तीन नशीले इंजेक्शन भी बरामद हुए हैं, जिससे शक गहराता जा रहा है कि युवक नशे की हालत में था।

फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए गए। पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेजा गया। वहीं, युवक के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। परिजनों ने बताया कि लक्ष्य 28 जून को घर से निकला था और तब से लापता था। उन्होंने बहेड़ी कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई थी।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, युवक संभवतः नशे की हालत में बाइक से फिसलकर गिरा और वहीं पड़ा रहा। बारिश के कारण कीचड़ हो जाने की वजह से न तो कोई उधर गया और न ही किसी को घटना का पता चल सका। दो दिनों से जारी लगातार बारिश की वजह से शव की स्थिति भी बिगड़ चुकी थी।

फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। नशीले इंजेक्शन की मौजूदगी और युवक की पृष्ठभूमि को ध्यान में रखते हुए यह भी देखा जा रहा है कि कहीं यह मामला आत्महत्या या हत्या की तरफ तो नहीं बढ़ रहा। हालांकि अब तक की जांच में हादसे की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक रिपोर्ट के आने के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी।

इस घटना ने न केवल पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी गंभीर चिंता जताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई उजागर होगी।

Location :  Pantnagar

Published :  1 July 2025, 9:23 PM IST

Advertisement