सहारनपुर में रिश्वत की डील पड़ी भारी, मौके पर ही दबोचा गया

सहारनपुर में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विकास प्राधिकरण के अवर अभियंता को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। शिकायत के आधार पर बिछाए गए ट्रैप में आरोपी मेडिकल स्टोर पर पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और मामले में आगे की जांच जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 May 2026, 6:42 PM IST
google-preferred

Saharanpur : सहारनपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने सख्त रुख दिखाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। सहारनपुर प्राधिकरण के अवर अभियंता को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। जैसे ही गिरफ्तारी की खबर फैली, प्राधिकरण कार्यालय और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया और लोग मौके पर जुटने लगे।

शिकायत से शुरू हुआ पूरा खेल

पूरे मामले की शुरुआत एक शिकायत से हुई। जिसमें पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसका काम कराने के लिए अवर अभियंता द्वारा रिश्वत मांगी जा रही है। पीड़ित का कहना था कि बिना पैसे दिए उसका काम आगे नहीं बढ़ाया जा रहा था। इसके बाद उसने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। जहां शिकायत की जांच के बाद कार्रवाई की योजना बनाई गई।

सहारनपुर पुलिस का ताबड़तोड़ अभियान, कई थानों के ये 12 हिस्ट्रीशीटर किए गए बाहर

मेडिकल स्टोर पर बिछा जाल

एंटी करप्शन टीम ने पूरी तैयारी के साथ ट्रैप बिछाया। आरोपी ने शिकायतकर्ता को प्राधिकरण कार्यालय के बाहर एक मेडिकल स्टोर पर बुलाया। जैसे ही तय रकम आरोपी को दी गई, पहले से घात लगाए टीम ने तुरंत उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से रिश्वत के 20 हजार रुपये भी बरामद कर लिए गए।

शिकायतकर्ता ने बताई पूरी कहानी

शिकायतकर्ता बिल्लू छाबड़ा के मुताबिक, उन्होंने 130 घरों के निर्माण का काम किया था और नक्शा भी पास था। इसके बावजूद अवर अभियंता ने कमियां निकालकर निर्माण को सील कर दिया। बाद में सील खोलने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की गई। लगातार दबाव बनाए जाने के बाद उन्होंने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया, जिसके बाद यह कार्रवाई संभव हो पाई।

केस दर्ज, जांच जारी

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सदर बाजार थाने ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है और टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Location :  Saharanpur

Published :  5 May 2026, 6:42 PM IST

Advertisement