मुजफ्फरनगर में दो एनकाउंटर से हड़कंप : भागते रहे बदमाश, पीछा करती रही पुलिस

मुजफ्फरनगर में पुलिस की दो अलग-अलग मुठभेड़ों में वांछित और इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। फायरिंग के दौरान एक-एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि कुछ बदमाश फरार हो गए। पुलिस ने अवैध हथियार भी बरामद किए हैं और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 May 2026, 7:00 PM IST
google-preferred

Muzaffarnagar : अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच देर रात और सुबह ताबड़तोड़ पुलिस मुठभेड़ों ने इलाके में सनसनी फैला दी। अलग-अलग जगहों पर हुई इन मुठभेड़ों में पुलिस ने कई संगीन मामलों में वांछित बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। कुछ आरोपी अंधेरे और मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पंजाब का वांछित बदमाश गिरफ्तार

थाना नई मंडी क्षेत्र में पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की स्कूटी पर सवार दो युवक दिखाई दिए। पुलिस के रुकने के इशारे को नजरअंदाज कर दोनों भागने लगे। पीछा करने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और वह मौके पर ही गिर पड़ा।

घायल बदमाश की पहचान मेघाखेड़ी निवासी सलमान उर्फ शहजादा के रूप में हुई है। यह पंजाब में चोरी के मामलों में वांछित बताया जा रहा है। उसका साथी खुशनसीब मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग कर रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर गौकशी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। मौके से तमंचा, कारतूस और स्कूटी बरामद की गई है।

बुढ़ाना में इनामी बदमाश दबोचा

वहीं, दूसरी कार्रवाई बुढ़ाना क्षेत्र में सामने आई। जहां पुलिस और 20 हजार के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। कांधला मार्ग पर चेकिंग के दौरान एक बाइक सवार संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसल गई और उसने पेड़ की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग कर दी।

पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई। जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तुरंत सीएचसी में भर्ती कराया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह अवैध शस्त्र फैक्ट्री का सप्लायर है और पहले भी डकैती, लूट और गैंगस्टर जैसे मामलों में शामिल रहा है। उसके पास से तमंचा, कारतूस, पिस्टल और बाइक बरामद की गई है।

पुलिस का सख्त संदेश

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। इन मुठभेड़ों के बाद पूरे जिले में पुलिस अलर्ट मोड पर है और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  5 May 2026, 7:00 PM IST

Advertisement