गंगा एक्सप्रेसवे पर लहराती बस बनी आफत, ट्रक में घुसते ही मची चीख-पुकार, 24 से ज्यादा घायल

बदायूं के गंगा एक्सप्रेसवे पर तड़के हुए भीषण हादसे में डबल डेकर बस ट्रक में जा घुसी। 24 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। चालक के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 May 2026, 2:09 PM IST
google-preferred

Budaun : जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर आज तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। थाना इस्लामनगर क्षेत्र के चन्दौई टोल प्लाजा के पास लुधियाना से आ रही तेज रफ्तार डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ। बस में सवार अधिकतर यात्री नींद में थे। अचानक हुए धमाके के साथ बस ट्रक में टकराई और चारों ओर कांच टूटने व घायलों की कराहने की आवाजें गूंजने लगीं। बस में करीब 60 से 70 यात्री सवार थे, जिनमें से दो दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कई यात्रियों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं।

राहत-बचाव कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही इस्लामनगर थाना पुलिस और टोल कर्मी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला गया। एंबुलेंस की कमी के चलते पुलिस वाहनों और निजी वाहनों से घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद 18 गंभीर घायलों को जिला अस्पताल बदायूँ रेफर कर दिया गया। दो की हालत नाजुक बताई जा रही है।

चालक नशे में धुत्त

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डबल डेकर बस का चालक शराब के नशे में था। यात्रियों ने भी आरोप लगाया कि चालक बस को लहराते हुए बेहद तेज गति से चला रहा था। कई बार टोकने पर भी वह नहीं माना। आशंका है कि झपकी आने या नशे की हालत में नियंत्रण खोने से बस सीधे खड़े ट्रक में जा घुसी। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है।

Budaun: बदायूं में 200 रुपये के लेनदेन को लेकर खूनी संघर्ष, युवक की जंजीर से पीटकर निर्मम हत्या

प्रशासन अलर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम और सीओ भी मौके पर पहुंचे। जिलाधिकारी ने जिला अस्पताल में घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने ट्रक और बस को कब्जे में लेकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल थाना इस्लामनगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

एक्सप्रेसवे पर बढ़ते हादसे

गंगा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और चालकों की लापरवाही से हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। बीते एक महीने में यह तीसरा बड़ा हादसा है। यात्रियों ने मांग की है कि टोल प्लाजा के पास खड़े वाहनों पर रोक लगे और रात में गश्त बढ़ाई जाए।

Location :  Budaun

Published :  5 May 2026, 2:02 PM IST

Related News

Advertisement