नैनीताल में दौड़ेगा देश, 30 अगस्त को क्यों जुटेंगे 1200 से ज्यादा धावक? जानिए मैराथन की पूरी तैयारी

सरोवर नगरी एक बार फिर देशभर के धावकों की रफ्तार और जुनून की गवाह बनने जा रही है। नैनीताल में 30 अगस्त को आयोजित होने वाली 15वीं माउंटेन मानसून मैराथन के लिए तैयारियां तेज हो गई हैं। रन टू लिव संस्था की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर से करीब 1200 से 1300 धावकों के पहुंचने की उम्मीद है।

Nainital: सरोवर नगरी एक बार फिर देशभर के धावकों की मेजबानी के लिए तैयार है। रन टू लिव संस्था की ओर से 30 अगस्त को 15वीं माउंटेन मानसून मैराथन का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में इस बार 1200 से 1300 तक धावकों के शामिल होने की उम्मीद है। आयोजन की तैयारियों को लेकर रविवार को न्यू क्लब मल्लीताल में आयोजकों ने पत्रकार वार्ता कर जानकारी साझा की।

मैराथन में 21 किलोमीटर, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की दौड़ कराई जाएगी। इसके अलावा प्रतिभागियों के लिए रन फॉर फन की श्रेणियां भी रखी गई हैं। अलग-अलग आयु वर्ग के धावकों को प्रतियोगिता में अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिलेगा। 40, 50 और 60 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागियों के लिए भी अलग वर्ग निर्धारित किए गए हैं। विजेताओं को कुल 5.5 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

इतने धावकों ने किया अपना पंजीकरण

आयोजक हरीश तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण लगातार जारी है और अब तक करीब 450 धावक अपना पंजीकरण करा चुके हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तारीख 15 अगस्त निर्धारित की गई है। इसके बाद स्थानीय प्रतिभागियों के पंजीकरण की व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों के मुताबिक उत्तराखंड के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों से भी धावक प्रतियोगिता में पहुंचेंगे।

21 किलोमीटर की मुख्य दौड़ डीएसए मैदान से शुरू होकर माल रोड और तल्लीताल चर्च होते हुए स्नो व्यू की ओर जाएगी। इसके बाद टांकी बैंड, पगोट रोड, बारापत्थर, अरविंदो आश्रम, एयार जंगल, शेरवुड कॉलेज, राजभवन और जिला कोर्ट से होते हुए धावक ठंडी सड़क के रास्ते वापस डीएसए मैदान पहुंचेंगे

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए ‘स्पेशल-178’ टीम तैयार, BJP अध्यक्ष का यह फॉर्मूला क्या विपक्ष के छुड़ाएगा छक्के?

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना

आयोजकों ने बताया कि 21 किलोमीटर की दौड़ का मौजूदा स्वरूप में यह अंतिम आयोजन होगा। अगले वर्ष से इसे 42 किलोमीटर की फुल मैराथन में बदलने की तैयारी है। इसका उद्देश्य प्रतियोगिता का दायरा बढ़ाकर इसे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

बड़ी खबर: उत्तराखंड में बादल फटने से बड़ी तबाही, चमोली में कई गड़ियां बही, BRO पुल ध्वस्त, पढ़ें पूरा अपडेट

आर्थिक रूप से कमजोर स्थानीय प्रतिभागियों का पंजीकरण

स्थानीय धावकों के लिए पंजीकरण शुल्क 500 रुपये रखा गया है। वहीं आर्थिक रूप से कमजोर स्थानीय प्रतिभागियों को बिना शुल्क के पंजीकरण की सुविधा देने की भी व्यवस्था की गई है। आयोजकों का कहना है कि मैराथन के जरिए नैनीताल में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को दौड़ और फिटनेस के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Location :  Nainital

Published :  11 August 2026, 1:13 AM IST

Advertisement