हिंदी
नैनीताल हर किसी के दिल को छू लेने वाला हिल स्टेशन है
Nainital: हिमालय की गोद में बसा नैनीताल हर किसी के दिल को छू लेने वाला हिल स्टेशन है। सुबह की ठंडी हवा, झीलों पर पड़ती सुनहरी धूप की किरणें और पहाड़ों में तैरती हल्की धुंध। सब मिलकर इसे एक जादुई एहसास बनाते हैं। चाहे आप रोमांच के शौकीन हों या सुकून की तलाश में नैनीताल हर कदम पर आपको प्रकृति और शांति का अनोखा अनुभव देता है। यहां के जंगल, झीलें और ऊंचे-ऊंचे पहाड़ इसे देश के सबसे खूबसूरत हिल स्टेशनों में से एक बनाते हैं।
नैनी झील का आकर्षण
नैनीताल की सबसे बड़ी पहचान नैनी झील है। यह झील अपने अनोखे आकार और शांत पानी के लिए प्रसिद्ध है। नाव की सवारी करके झील के एक छोर से दूसरे छोर तक जाना अपने आप में एक यादगार अनुभव है। शाम के समय जब सूरज पहाड़ियों के पीछे छिपता है। उसकी किरणें झील पर पड़ती हैं, तो पूरा दृश्य अद्भुत लगता है। यह नजारा हर किसी के दिल को छू जाता है। यादों में हमेशा के लिए बस जाता है।
जो लोग प्रकृति को करीब से महसूस करना चाहते हैं। उनके लिए नैना पीक किसी स्वर्ग से कम नहीं। यहां से हिमालय की बर्फ से ढकी चोटियां स्पष्ट दिखाई देती हैं। सूर्योदय के समय आसमान का बदलता रंग और पहली किरणें पहाड़ों पर पड़ना हर किसी का मन मोह लेती हैं। यहां हल्की ट्रैकिंग और घुड़सवारी का अनुभव भी रोमांचक होता है।
टिफिन टॉप, जिसे डोरोथी सीट के नाम से भी जाना जाता है। शहर को ऊपर से देखने का शानदार मौका देता है। यहां से नजर आने वाले रंग-बिरंगे घर, पहाड़ और जंगल मिलकर एक खूबसूरत तस्वीर बनाते हैं। शांत वातावरण में बैठकर घंटों मन को आराम दिया जा सकता है।
नए साल से पहले नैनीताल पुलिस अलर्ट, जाए तो न करें ये काम
झील के किनारे बनी मॉल रोड हर पर्यटक के लिए आकर्षण का केंद्र है। दुकानों, खाने-पीने की जगहों और रंग-बिरंगी रोशनी से गुलजार यह सड़क शाम के समय बेहद जीवंत हो जाती है। यहां टहलते हुए खरीदारी करना और लोकल स्ट्रीट फूड का आनंद लेना पर्यटकों की पहली पसंद होता है।
स्नो व्यू प्वाइंट नैनीताल के चुनिंदा स्थानों में से एक है। जहां से हिमालय की ऊंची चोटियां बेहद खूबसूरत दिखाई देती हैं। रोपवे की सवारी करते हुए ऊपर पहुंचना अपने आप में रोमांचक होता है। यहां छोटे-छोटे ठहरने के स्थान और खाने-पीने की सुविधाएं भी मौजूद हैं।
नैनीताल जू प्रकृति प्रेमियों और बच्चों के लिए खास आकर्षण है। यहां हिमालयी भालू, घोरल, भेड़िया, हिम तेंदुआ, बार्किंग डियर, साइबेरियन बाघ जैसे दुर्लभ जीव सुरक्षित रखे गए हैं। ऊंचाई पर बसे इस जू में पक्षियों की कई प्रजातियां भी देखी जा सकती हैं।
राजभवन अपनी भव्य वास्तुकला और शांत वातावरण के कारण पर्यटकों को बेहद आकर्षित करता है। इसकी शैली पुराने ब्रिटिश काल की याद दिलाती है। विशाल बगीचों में टहलते हुए मन को सुकून मिलता है और इतिहास के रोमांच को महसूस किया जा सकता है।
नैनी झील के उत्तरी किनारे पर स्थित नैना देवी मंदिर श्रद्धालुओं के लिए विशेष महत्व रखता है। माना जाता है कि यहां देवी सती की आंख गिरी थी। यह स्थान शक्तिपीठ के रूप में पूजनीय है और गर्मियों में भक्तों की भारी भीड़ यहां दर्शन करने आती है।
नैनीताल से थोड़ी दूरी पर स्थित भीमताल झील अपनी शांति और प्राकृतिक सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। झील के बीच में एक छोटा सा द्वीप भी है। जहां बैठकर पर्वतों और आसमान का नजारा लिया जा सकता है। यहां पैराग्लाइडिंग का भी आनंद उठाया जा सकता है।
इको केव गार्डन बच्चों और परिवार के लिए रोमांचक अनुभव प्रदान करता है। यहां बनी सात प्राकृतिक गुफाएं पर्यटकों को एक अलग ही दुनिया में ले जाती हैं। पास में हरी-भरी हरियाली और खेल-कूद की छोटी जगहें इसे और भी आकर्षक बनाती हैं।
Location : Nainital
Published : 30 December 2025, 2:05 AM IST
Topics : Nainital lake Nainital valleys Nainital tourism places to visit in Nainital Uttarakhand Travel