हिंदी
सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा
Maharajganj: महराजगंज जनपद में विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने देर शाम कैंप कार्यालय में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से विभिन्न विभागों की गहन समीक्षा की। समीक्षा बैठक में मत्स्य, दुग्ध, विकास एवं पुष्टाहार तथा स्वास्थ्य विभाग डीएम के रडार पर रहे।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, डीएम ने पीएम सूर्यघर योजना में लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत स्थापना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ लाभार्थियों को आय का अतिरिक्त स्रोत भी उपलब्ध कराती है। इसलिए इसे अभियान मोड में संचालित कर लक्ष्य शीघ्र पूर्ण किया जाए।
पशुपालन विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी गौआश्रय केंद्रों में संरक्षित गोवंशों की गणना 27 फरवरी को अनिवार्य रूप से कराई जाए, जिससे व्यवस्थाओं की सही स्थिति स्पष्ट हो सके।
बांसगांव में जमीनी विवाद बना जानलेवा: युवक की पीट-पीटकर हत्या, पत्रकार-अधिवक्ता पर भी हमला
पोषण अभियान में जनपद की खराब रैंकिंग पर डीएम ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सैम (SAM) और मैम (MAM) बच्चों की सतत निगरानी एवं पोषण स्तर में त्वरित सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्पष्ट शब्दों में कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़ी किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएमओ को 102 और 108 एंबुलेंस सेवाओं का रिस्पांस टाइम बेहतर करने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरतमंद मरीजों तक समय पर चिकित्सा सुविधा पहुंचे। दुग्ध एवं मत्स्य विभाग को सहकारी समितियों की संख्या और सदस्यता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही रोजगारपरक योजनाओं के प्रदर्शन में सुधार लाने पर विशेष जोर दिया गया।
रिटायरमेंट के बाद भी अवनीश अवस्थी पर भरोसा कायम, अब 2027 तक रहेंगे योगी आदित्यनाथ के मुख्य सलाहकार
सीएम डैशबोर्ड पर बी, सी और डी ग्रेड प्राप्त योजनाओं पर डीएम ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि खराब प्रगति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि योजनाओं की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें, अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Location : Maharajganj
Published : 27 February 2026, 4:19 PM IST