‘तू ही तो मेरी दुनिया है’ कहने वाले ने ही छीन लीं उसकी सांसें, क्या कत्ल के पीछे छिपा है कोई गहरा राज?

घरेलू विवाद, डंडे से हमला और फिर महिला की मौत... लेकिन घटनास्थल से मिली तलवार ने मामले को नया मोड़ दे दिया है। आखिर पत्नी पर हमला आत्मरक्षा में किया गया या घरेलू विवाद ने एक और जान ले ली? पुलिस अब इस रहस्य की परतें खोल रही है।

Nainital: नैनीताल जिले में काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के गौलापार स्थित देवला तल्ला पजाया में घरेलू विवाद के बाद एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने विवाद के दौरान पत्नी पर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। हायर सेंटर ले जाते समय महिला ने दम तोड़ दिया।

खाना खाने के बाद शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर किसान महेंद्र सिंह रावत और उसकी 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत के बीच खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में महेंद्र सिंह ने पास पड़े डंडे से नीलम पर कई वार कर दिए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर फर्श पर गिर पड़ी और बेहोश हो गई।

Nainital: नेपाल में बाढ़ से नैनीताल प्रशासन अलर्ट, नागरिकों की मदद के लिए जारी किए हेल्पलाइन नंबर

आरोपी ने खुद पुलिस को दी सूचना

पत्नी की हालत बिगड़ने के बाद आरोपी पति ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, फोन पर महेंद्र सिंह रावत ने दावा किया कि उसकी पत्नी नीलम तलवार लेकर उस पर हमला करने के लिए दौड़ रही थी।

आरोपी का कहना है कि उसने अपने बचाव में डंडे से पत्नी पर हमला किया। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी के इस दावे की जांच की जा रही है और अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

अस्पताल से हायर सेंटर रेफर

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। हालांकि, हायर सेंटर ले जाने के दौरान महिला की मौत हो गई।

Nainital: जेल परिसर में बड़ी साजिश का खुलासा, वारदात से पहले पुलिस ने ऐसे रोका प्लान

आरोपी की दूसरी पत्नी थी नीलम

पुलिस के अनुसार आरोपी महेंद्र सिंह रावत पेशे से किसान है और नीलम उसकी दूसरी पत्नी थी। उसकी पहली पत्नी की कई साल पहले मृत्यु हो चुकी है। दोनों का एक बेटा भी है। पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दंपती के बीच घरेलू छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर विवाद और मारपीट होती रहती थी।

मौके से तलवार भी बरामद

पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल से एक तलवार भी बरामद की गई है। आरोपी का दावा है कि नीलम तलवार लेकर उस पर हमला करने के लिए दौड़ी थी और उसने बचाव में डंडा चलाया। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।

Location :  Nainital

Published :  29 August 2026, 1:46 PM IST

Advertisement