Fatehpur News: राखी बांधने निकली थी 22 साल की क्षमा, 25 घंटे बाद नहर से मिली लाश… आखिर उस दिन हुआ क्या था?

फतेहपुर में राखी बांधने की बात कहकर घर से निकली 22 वर्षीय युवती क्षमा गुप्ता की तलाश का दर्दनाक अंत हो गया। करीब 25 घंटे तक पुलिस और ग्रामीणों ने नहर में सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अदमापुर रामगंगा नहर पुल के पास युवती का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 August 2026, 1:12 PM IST
google-preferred

Fatehpur: राखी बांधने की बात कहकर घर से निकली 22 साल की युवती के अचानक लापता होने से शुरू हुई तलाश का करीब 25 घंटे बाद दर्दनाक अंत हो गया। बकेवर थाना क्षेत्र के नामामऊ गांव की रहने वाली क्षमा गुप्ता का शव आखिरकार रामगंगा नहर से बरामद कर लिया गया। युवती के नहर में बहने की आशंका के बाद पुलिस और ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। रातभर टॉर्च की रोशनी में नहर को खंगाला गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सुबह दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ तो अदमापुर रामगंगा नहर पुल के पास शव मिलने की सूचना से हड़कंप मच गया।

राखी बांधने के लिए निकली थी क्षमा

बताया जा रहा है कि नामामऊ गांव निवासी 22 वर्षीय क्षमा गुप्ता शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकली थी। परिजनों के मुताबिक वह राखी बांधने की बात कहकर घर से गई थी। परिवार को उम्मीद थी कि वह कुछ समय बाद वापस लौट आएगी, लेकिन काफी देर बीतने के बाद भी क्षमा घर नहीं पहुंची। जब युवती वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

क्या शिक्षा के मंदिर में दी गई तालिबानी सजा? फतेहपुर में 12वीं के छात्र की मौत के बाद उठे कई सवाल

नहर में बहने की आशंका से मचा हड़कंप

नहर पुल के आसपास युवती के देखे जाने की जानकारी मिलने के बाद उसके नहर में गिरने या बहने की आशंका जताई गई। सूचना पुलिस तक पहुंची तो कल्यानपुर और बकेवर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई गई। ग्रामीण भी पुलिस के साथ सर्च अभियान में जुट गए। नहर के आसपास के हिस्से को खंगाला गया। पुलिस और ग्रामीणों की कोशिश थी कि किसी तरह युवती का पता लगाया जा सके।

रातभर टॉर्च की रोशनी में खोजते रहे लोग

युवती की तलाश में रातभर अभियान चलता रहा। पुलिस और ग्रामीण टॉर्च की रोशनी में नहर के किनारे और आसपास के इलाकों को देखते रहे। हर गुजरते घंटे के साथ परिजनों की बेचैनी बढ़ती जा रही थी। काफी देर तक तलाश के बावजूद जब क्षमा का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार की चिंता और गहरा गई। सुबह होते ही एक बार फिर बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।

रस्सी का सहारा और लोहे का कड़ाव… फतेहपुर में प्रशासनिक अनदेखी पर ग्रामीणों का अनोखा जुगाड़

अदमापुर नहर पुल के पास मिला शव

सुबह सर्च अभियान के दौरान कल्यानपुर थाना क्षेत्र के अदमापुर रामगंगा नहर पुल के पास युवती का शव बरामद किया गया। शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। जिस युवती की तलाश में परिवार और ग्रामीण घंटों से परेशान थे, उसका शव सामने आते ही माहौल गमगीन हो गया। परिजनों को जैसे ही इसकी जानकारी मिली, उनके बीच कोहराम मच गया।

नायब तहसीलदार भी पहुंचे मौके पर

घटना की सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार बिंदकी भी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने मौके की स्थिति का जायजा लिया और पुलिस से मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवती की मौत की वजह को लेकर तस्वीर और साफ हो सकती है।

Location :  Fatehpur

Published :  29 August 2026, 1:12 PM IST

Advertisement