Indore News: प्रेमिका के सामने हुआ अपमान, सिरफिरे आशिक ने मोड़ी कार… पत्नी-बच्चों के सामने चौकीदार को दो बार कुचला

इंदौर में प्रेम प्रसंग और कथित अपमान ने एक चौकीदार की जान ले ली। निर्माणाधीन कॉलोनी में विवाद के बाद आरोपी राजा उर्फ कमल कुमावत ने कथित तौर पर तेज रफ्तार कार से चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय को टक्कर मारी और फिर उसके ऊपर दो बार कार चढ़ा दी। पुलिस ने आरोपी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 29 August 2026, 1:34 PM IST
google-preferred

Indore: प्रेमिका के सामने हुई कथित बेइज्जती का बदला लेने के लिए एक युवक ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि देखने वालों की रूह कांप गई। इंदौर के बायपास स्थित लॉ-एक्जोटिका कॉलोनी में एक चौकीदार के साथ पहले विवाद हुआ, फिर आरोपी वहां से कार लेकर चला गया। कुछ ही देर बाद वह दोबारा तेज रफ्तार में लौटा और चौकीदार समेत तीन लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद आरोप है कि उसने चौकीदार के ऊपर दो बार कार चढ़ा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी राजा उर्फ कमल कुमावत और उसकी प्रेमिका सेजल उर्फ शालिनी को गिरफ्तार कर लिया है।

कॉलोनी में पहुंचते ही चौकीदार से हुआ विवाद

घटना मंगलवार को बायपास स्थित निर्माणाधीन लॉ-एक्जोटिका कॉलोनी में हुई। यहां 35 वर्षीय धर्मेंद्र मालवीय चौकीदार के तौर पर काम करता था और अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। पुलिस के मुताबिक, अरंडिया निवासी राजा उर्फ कमल कुमावत अपनी प्रेमिका सेजल के साथ कार से कॉलोनी पहुंचा था। राजा कॉलोनी के अंदर जाने की जिद करने लगा। चौकीदार धर्मेंद्र ने उसे रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

खुद को प्रॉपर्टी ब्रोकर बताकर दिखाया रौब

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान राजा ने खुद को प्रॉपर्टी ब्रोकर बताया और कॉलोनाइजर विवेक उर्फ बिन्नी चुग का परिचित होने की बात कही। उसने धर्मेंद्र की बात कॉलोनाइजर से भी कराने की कोशिश की। इसके बाद राजा ने कॉलोनी के सुपरवाइजर पवन परमार से फोन पर बात की। जब पवन को धर्मेंद्र और राजा के बीच हुए विवाद की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस को सूचना देने की सलाह दी।

इंदौर से चली थी लखनऊ के लिए, लेकिन हाईवे पर अचानक पलट गई बस… फिर मची चीख-पुकार

प्रेमिका के सामने हुई हाथापाई से भड़क गया आरोपी

पुलिस पूछताछ में आरोपी कमल ने कथित तौर पर बताया कि हाथापाई के दौरान वह अपनी प्रेमिका के सामने अपमानित महसूस कर रहा था। इसी बात को लेकर उसके अंदर गुस्सा बढ़ गया। कुछ देर बाद वह अपनी कार लेकर वहां से चला गया। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि वह कुछ ही देर में वापस लौटकर इतना बड़ा कांड करने वाला है।

तेज रफ्तार कार से तीन लोगों को मारी टक्कर

आरोप है कि कमल ने लौटते ही धर्मेंद्र, उसकी पत्नी ज्योति और भांजे गोविंद को कार से जोरदार टक्कर मार दी। अचानक हुए हमले से तीनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। टक्कर में ज्योति और गोविंद को मामूली चोटें आईं, लेकिन धर्मेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर धर्मेंद्र के ऊपर दो बार कार का पहिया चढ़ा दिया। गंभीर चोटों के कारण धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद प्रेमिका को लेकर भागा उज्जैन

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह अपनी प्रेमिका सेजल के साथ उज्जैन चला गया। दोनों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए थे, जिससे पुलिस के लिए उनकी लोकेशन ट्रेस करना मुश्किल हो गई। उज्जैन पहुंचने के बाद कमल ने अपने मामा को पूरी घटना की जानकारी दी। मामा ने उसे समझाया तो दोनों देर रात कनाड़िया थाने पहुंच गए और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया।

आग का तांडव: सोते रह गए लोग, आग ने ले ली जान; बिहार से इलाज के लिए आया था इंदौर का सेठिया परिवार

पुलिस ने कार जब्त की

एसीपी पराग सैनी के मुताबिक, पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कार को जब्त कर लिया है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और हत्या से पहले आरोपी ने क्या-क्या योजना बनाई थी।

पत्नी से चल रहा था विवाद

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी कमल पहले से शादीशुदा है। उसकी पहली पत्नी से विवाद चल रहा था और वह उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद कमल अपनी प्रेमिका सेजल के साथ रिश्ते में था।

Location :  Indore

Published :  29 August 2026, 1:34 PM IST

Advertisement