हिंदी
बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र का मामला (Source: Dynamite News)
हल्द्वानी। शहर में बुधवार देर रात बदमाशों ने पुलिसकर्मी बनकर एक कमर्शियल ऑफिस में फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। बरेली रोड स्थित गोरापड़ाव क्षेत्र में करीब 8 से 10 बदमाश कार से पहुंचे और खुद को पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम का सदस्य बताकर ऑफिस में घुस गए। तमंचे के बल पर वहां मौजूद लोगों को धमकाकर बदमाश नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार देर रात एक कार गोरापड़ाव स्थित ऑफिस के बाहर आकर रुकी। इसके बाद उसमें से कई बदमाश बाहर निकले और सीधे ऑफिस के अंदर दाखिल हो गए। उस समय ऑफिस में कुछ लोग पार्टी कर रहे थे और जुआ खेल रहे थे।
बदमाशों ने खुद को SOG टीम का सदस्य बताया। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों पर तमंचे तान दिए और डराकर किसी को विरोध करने का मौका नहीं दिया।
आरोप है कि बदमाशों ने ऑफिस में टेबल पर रखी करीब 8 लाख रुपये की नकदी अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद उन्होंने वहां मौजूद लोगों से सोने की अंगूठियां और दो सोने की चेन भी उतरवा लीं।
बदमाशों ने जाते समय करीब 12 मोबाइल फोन भी अपने साथ ले लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी उसी कार में सवार हुए और बरेली रोड की तरफ फरार हो गए।
Shubman Gill हुए Manav Suthar के मुरीद, बोले- उनकी गेंदबाजी में है भविष्य का सुपरस्टार
घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। एसपी सिटी मनोज कत्याल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके अलावा सर्विलांस टीम भी तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
बड़ी खबर: जेल में बंद कांग्रेस के पूर्व सासंद सज्जन कुमार का निधन, दंगा मामले में काट रहे थे सजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की हैं। पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बदमाशों को ऑफिस में मौजूद लाखों रुपये और वहां मौजूद लोगों के बारे में इतनी जानकारी कैसे मिली। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है।
Location : Haldwani
Published : 20 August 2026, 2:53 PM IST
Topics : Haldwani News Robbery News Uttarakhand Crime