MBPG कॉलेज में मतदान के बाद छात्र गुटों में मारपीट, एक छात्र घायल; मतगणना जारी

एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव का मतदान पूरा होने के बाद छात्र गुटों में मारपीट हो गई। एक छात्र के घायल होने की सूचना है। फिलहाल मतगणना जारी है और सभी की नजर चुनाव परिणाम पर टिकी है।

Nainital: कुमाऊं के प्रमुख महाविद्यालयों में शामिल एमबीपीजी कॉलेज में मंगलवार को छात्रसंघ चुनाव के मतदान के दौरान और मतदान समाप्त होने के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद कॉलेज के बाहर नैनीताल रोड पर छात्र गुटों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट में एक छात्र के सिर पर चोट लगने की सूचना है।

इन दो गुटों के बीच हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि विवाद सचिव पद के प्रत्याशी सार्थक रस्तोगी और भविष्य रावत के समर्थक गुटों के बीच हुआ। मतदान समाप्त होने के बाद कॉलेज से बाहर निकले छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद बढ़ने पर छात्रों के बीच मारपीट शुरू हो गई।

ये भी पढ़ें- छत से टपकता पानी, बरसात का खौफ और फिर बदला वक्त! देवरिया की पूजा का ‘पक्के मकान’ का सालों पुराना सपना हुआ पूरा

मारपीट के दौरान सार्थक रस्तोगी के एक समर्थक के सिर पर चोट लगने की जानकारी सामने आई है। घायल छात्र को उपचार के लिए ले जाया गया। घटना के दौरान कॉलेज के बाहर मौजूद छात्रों और राहगीरों में भी हड़कंप की स्थिति रही।

महिला छात्र नेताओं के बीच भी विवाद

इसी दौरान महिला छात्र नेताओं के बीच भी कहासुनी और गाली-गलौज की स्थिति बनने की बात सामने आई है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों की महिला छात्र नेताओं के बीच हाथापाई भी हुई। कुछ छात्राएं भी मौके पर पहुंचीं, जिसके बाद कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

छात्रसंघ चुनाव को लेकर कॉलेज परिसर और आसपास पहले से पुलिस बल तैनात किया गया था। मतदान के दौरान पुलिस और प्रशासन की टीम लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थी। मतदान समाप्त होने के बाद कॉलेज के बाहर विवाद की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम की जानकारी जुटाई।

ये भी पढ़ें- अमेठी में छात्राओं के साथ बैठकर खाया खाना; मेस से हॉस्टल तक ऐसे परखी व्यवस्थाएं

मतदान पूरा, मतगणना जारी

एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब मतगणना की प्रक्रिया चल रही है। मतदान के बाद कॉलेज के बाहर हुई झड़प से चुनावी माहौल गरमा गया है। छात्र-छात्राओं और प्रत्याशियों की नजर अब मतगणना पूरी होने के बाद आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हुई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।

Location :  Nainital

Published :  29 September 2026, 5:36 PM IST

Related News

Advertisement