हिंदी
नैनीताल जिला प्रशासन ने घरेलू गैस वितरण में बड़ा बदलाव करते हुए सिलिंडर की डोर-टू-डोर सप्लाई अनिवार्य कर दी है। ऑनलाइन बुकिंग में तकनीकी बाधाओं और एजेंसियों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह आदेश तत्काल लागू किया गया है। अब उपभोक्ताओं को गैस सीधे घर पर ही उपलब्ध होगी।
Nainital में गैस सप्लाई पर नया नियम
Nainital: नैनीताल जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की संभावित कमी को देखते हुए प्रशासन ने आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए बड़ा कदम उठाया है। वैश्विक हालात के बीच सिलेंडर वितरण में अवरोध की आशंका बढ़ने पर जिला प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू करते हुए गैस एजेंसियों को अब उपभोक्ताओं तक सीधे घर-घर सिलेंडर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
पिछले कुछ दिनों से ऑनलाइन बुकिंग, डीएसपी और ओटीपी जैसी प्रक्रियाओं में अत्यधिक कॉल रिसीव होने के कारण लगातार तकनीकी दिक्कतें पैदा हो रही थीं। इसके चलते ग्राहकों को एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा था, जिससे माहौल बिगड़ने और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका बनी हुई थी। यही वजह रही कि घरेलू सिलेंडरों की आपूर्ति समय पर उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच पा रही थी।
दिल्ली में काम के दौरान हादसा, महराजगंज के युवक की तीन मंजिल से गिरकर मौत, गांव में पसरा मातम
इन परिस्थितियों को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर जनपद की सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया गया है कि वे फिलहाल गैस एजेंसी परिसर से सीधा वितरण बंद रखें और उपभोक्ताओं को केवल डोर-टू-डोर सप्लाई सिस्टम के तहत ही सिलेंडर उपलब्ध कराएं। प्रशासन का मानना है कि इससे भीड़ नियंत्रित होगी और लोगों को अपने घर पर ही सुरक्षित तरीके से गैस मिल सकेगी।
जो उपभोक्ता फोन, एसएमएस या मोबाइल ऐप के जरिये बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें केवल बुकिंग करवाने के उद्देश्य से एजेंसी तक आने की अनुमति दी गई है। ऐसे उपभोक्ताओं की बुकिंग के बाद सिलेंडर की डिलीवरी नियमानुसार घर-घर पहुंचाई जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है और इसका पालन सख्ती से सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे गैस एजेंसियों में अनावश्यक भीड़ न लगाएं और घर-घर वितरण की व्यवस्था का लाभ उठाएं, ताकि पूरे जिले में गैस आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रह सके।