मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए धामी, खिलाड़ियों को किया सम्मानित

सीएम पुष्कर सिंह धामी न सिर्फ मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए, बल्कि उन्होंने खेल प्रतिभाओं को संबोधित भी किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए जो नई खेल नीति लागू की गई है, उसके उत्साहजनक नतीजे सामने आएंगे।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 18 February 2026, 7:08 PM IST
google-preferred

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए नई खेल नीति लागू की गई है। खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी में आउट ऑफ टर्न प्रदान कर नियुक्ति की जा रही है। प्रदेश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर का सुनियोजित विकास किया जा रहा है। इससे खेल प्रतिभाओं का मनोबल बढ़ रहा है।

सीएम धामी बुधवार 18 फरवरी को राजधानी देहरादून में आयोजित मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी के समापन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने उन्होंने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।

न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक हुई प्रतियोगिता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि इस वर्ष प्रतियोगिता को नए प्रारूप में आयोजित किया गया। यह न्याय पंचायत स्तर से शुरू होकर विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर होते हुए राज्य स्तर तक हुई। इससे प्रदेश को नए चैंपियन मिले और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिला। उन्होंने कहा कि पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में 4 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा, जिससे खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा।

खेल भूमि के रूप में आगे बढ़ रहा उत्तराखंड

कार्यक्रम में खेल मंत्री मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं और आधारभूत ढांचा विकसित किया गया है, जिससे देवभूमि उत्तराखंड खेल भूमि के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

बीते 4 साल में प्रदेश सरकार ने पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए आउट ऑफ टर्न नौकरी, सरकारी नौकरियों में 4% रिजर्वेशन, युवा खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित करने जैसे फैसले लिए गए। कुल मिलाकर 4 साल का यह समय प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए स्वर्णिम काल कहा जा सकता है।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, विशेष प्रमुख खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल तथा जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित प्रदेश के सभी जनपदों से आए हजारों खिलाड़ी उपस्थित रहे।

विजेता टीम को 5 लाख रुपये का चेक

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 के राज्य स्तरीय मुकाबले में देहरादून जनपद की टीम विजेता रही। टीम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने ट्रॉफी एवं 5 लाख रुपये का चेक देकर सम्मानित किया।

 

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 18 February 2026, 7:08 PM IST

Advertisement
Advertisement