हिंदी
महंगाई के खिलाफ महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
Gairsain (Chamoli): उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) का अभिभाषण शुरू होने के साथ ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा शुरू कर दिया। राज्यपाल का अभिभाषण शुरू हुआ ही था कि कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर दिया। अब कांग्रेस ने एक नया रणनीतिक दांव चला है। कांग्रेस का यह दांव कितना कारगर होगा, यह आने वाला समय ही बताएगा, लेकिन फिलहाल उसने राज्य की राजधानी गैरसैंण बनाए जाने की मांग को लेकर विधानसभा को घेरने का ऐलान कर दिया है।
गैरसैण को स्थाई राजधानी बनाने की मांग
पार्टी ने ऐलान किया है कि भराड़ीसैण में आयोजित विधानसभा बजट सत्र के दूसरे दिन विधानसभा बजट सत्र का घेराव किया जाएगा। पार्टी गैरसैण को स्थाई राजधानी बनाने, प्रदेश की ध्वस्त कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, महिला सुरक्षा, चरमराती स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों को जोर-शोर से उठाएगी। इसके अलावा गैरसैंण के क्षेत्रीय मुद्दों जिसमें स्वास्थ्य व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण, सुधारीकरण व पार्किंग सुविधाएं शामिल हैं, को भी उठाया जाएगा। पार्टी विधानमंडल दल ने यह भी तय किया है कि कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी और किसानों समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर सड़क से लेकर सदन सरकार की घेराबंदी की जाएगी।
महिला कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
एक तरफ कांग्रेस ने गैरसैंण में प्रदर्शन किया वहीं दूसरी तरफ देहरादून में कांग्रेस महिला कार्यकर्ताओं ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने सड़क पर चूल्हा रखकर रोटियां बनाकर यह संदेश दिया कि गैस के दाम इतने बढ़ चुके हैं कि चूल्हे पर ही रोटियां बनाई जा सकती हैं।
Location : Gairsain (Chamoli)
Published : 9 March 2026, 8:46 PM IST