हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (सोर्स: गूगल)
Noida: नोएडा के सेक्टर-62 स्थित टोट मॉल रोड सी ब्लॉक ग्रीन बेल्ट इलाके में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गयाम, जब करीब 20 वर्षीय एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
खुद डायल-112 पर किया फोन
पुलिस के मुताबिक, युवती ने खुद ही डायल-112 पर फोन कर जानकारी दी थी कि वह टावर पर चढ़ गई है। सूचना मिलते ही सेक्टर-62 थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पहले पुलिस ने युवती से बातचीत शुरू की और उसे शांत करने की कोशिश की गई। महिला कांस्टेबलों ने लगातार उससे बात कर उसे नीचे उतरने के लिए समझाया।
प्रेम-प्रसंग बना वजह
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों पिछले करीब दो साल से मामूरा गांव में साथ रह रहे थे और एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। हाल ही में युवक अपने गांव बिहार गया हुआ था। इसी दौरान युवती को पता चला कि युवक किसी दूसरी लड़की से शादी कर रहा है। यह बात जानने के बाद युवती मानसिक रूप से परेशान हो गई और गुस्से में मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
30 मिनट तक चला रेस्क्यू
टावर पर चढ़ने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस और दमकल विभाग की टीम करीब 30 मिनट तक युवती को समझाने में लगी रही। कई बार महिला पुलिसकर्मियों ने उससे बातचीत की और उसे भरोसा दिलाया कि उसकी बात सुनी जाएगी। काफी समझाने के बाद युवती शांत हुई और उसे सकुशल नीचे उतार लिया गया।
मेडिकल परीक्षण और जांच जारी
युवती को नीचे उतारने के बाद पुलिस ने उसे मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती की काउंसलिंग भी कराई जाएगी। जिससे उसकी मानसिक स्थिति सामान्य हो सके। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और युवती के परिजनों से भी संपर्क किया जा रहा है। इस घटना के बाद इलाके में काफी देर तक चर्चा का माहौल बना रहा।
Location : Noida
Published : 16 May 2026, 5:30 PM IST
Topics : crime news Dial 112 love Story noida news Noida police