Budaun: पिता-भाइयों को बेकसूर बताकर मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, दोबारा ट्रायल की मांग

बदायूं में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक महिला अपने पिता और तीन भाइयों को हत्या के मामले में मिली उम्रकैद की सजा को गलत बताते हुए मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिस और प्रशासन महिला को सुरक्षित नीचे उतारने में जुटे रहे। मामला न्याय की मांग और पारिवारिक दर्द से जुड़ा बताया जा रहा है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 28 April 2026, 2:43 PM IST
google-preferred

Budaun: बदायूं शहर में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब एक महिला अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। जिला पंचायत अध्यक्ष के सरकारी आवास के पास बने ऊंचे टावर पर महिला को देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। महिला अपने पिता और तीन भाइयों को हत्या के मामले में मिली आजीवन कारावास की सजा को गलत बताते हुए न्याय की मांग कर रही थी। वह दोबारा ट्रायल और निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर जा पहुंची।

दोपहर में टावर पर चढ़ी महिला, प्रशासन में मची हलचल

जानकारी के अनुसार वजीरगंज थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी जसवीर की पत्नी रामा मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर की ऊंचाई और महिला के सबसे ऊपर पहुंच जाने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। सदर कोतवाली और वजीरगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। महिला को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए हरसंभव प्रयास शुरू कर दिए गए।

बदायूं में बदमाशों के हौसले बुलंद: एक ही परिवार के 4 लोगों को पीटा, अपराधियों ने बच्चियों को भी नहीं छोड़ा

उम्रकैद का विरोध

महिला के परिजनों के मुताबिक यह मामला एक पुराने हत्या केस से जुड़ा हुआ है। रामा की बहन ने बताया कि उनके पिता नेत्रपाल और तीन भाई सुनील, संजीव और शेर सिंह को हाल ही में अदालत ने हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। परिवार का आरोप है कि पुलिस जांच सही तरीके से नहीं की गई और गलत विवेचना के आधार पर चारों को आरोपी बना दिया गया। उनका कहना है कि परिवार के लोग निर्दोष हैं और उन्हें साजिश के तहत जेल भेजा गया है।

टावर के नीचे जुटी भीड़

जैसे ही लोगों को महिला के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिली मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जिला पंचायत अध्यक्ष के सरकारी आवास के पास हुई इस घटना ने प्रशासनिक महकमे में भी हलचल बढ़ा दी। एएसपी सिटी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। महिला को नीचे उतरने के लिए लगातार लाउडस्पीकर से समझाया गया। पुलिस ने परिजनों को भी बुलाया ताकि भावनात्मक तरीके से महिला को नीचे आने के लिए मनाया जा सके।

बदायूं में सनसनी: पहले लाठी से पीटा, फिर भाई पर उड़ेल दिया… जानें क्या है पूरा मामला

परिजनों की मांग

महिला के परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें दोबारा जांच और निष्पक्ष सुनवाई का भरोसा नहीं दिया जाएगा  तब तक वे पीछे नहीं हटेंगे। परिवार ने इस पूरे मामले में एसआईटी जांच की मांग की है। परिवार का आरोप है कि उन्हें न्यायिक प्रक्रिया में उचित मौका नहीं मिला और केस की जांच में कई सवाल हैं। उनका कहना है कि वे अपने पिता और भाइयों को निर्दोष मानते हैं और इसी वजह से रामा ने अपनी जान जोखिम में डालकर यह कदम उठाया।

 

Location :  Budaun

Published :  28 April 2026, 2:08 PM IST

Advertisement