हिंदी
महिला का प्रतीकात्मक फोटो (Image: AI)
Bareilly News: बरेली के कैंट थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने ही देवर पर घर में घुसकर अश्लील हरकत करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस घटना का विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ मारपीट की। वहीं, मामले की जानकारी देने पर ननदों द्वारा भी उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता की शिकायत पर एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश के बाद कैंट पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता का पति विदेश में रहता है। महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 सितंबर 2026 की दोपहर करीब ढाई बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान उसका देवर नाजिम उर्फ हनी कमरे में पहुंच गया। आरोप है कि देवर ने उसके साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दीं। महिला ने जब इसका विरोध किया और शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद पीठ पर लात मारकर उसे घायल कर दिया और जान से मारने व दुष्कर्म की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पीड़िता ने बताया कि उसने जब पूरी घटना अपनी ननद गुलफशां को बताई तो मदद करने के बजाय उसने अन्य ननदों बेबी और सिमा के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की। महिला का आरोप है कि तीनों ने उसे गालियां दीं और उस पर झूठे आरोप लगाकर बदनाम करने की कोशिश की। पीड़िता का कहना है कि उसने पहले कैंट थाने में शिकायत करने की कोशिश की, लेकिन वहां सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने एसएसपी अनुराग आर्य से मिलकर कार्रवाई की मांग की।
एसएसपी के निर्देश के बाद कैंट पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उप निरीक्षक इंतजार हुसैन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 11 September 2026, 5:52 PM IST