हिंदी
कोल्हुई पुलिस बेअसर
Maharajganj: जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। हाल ही में सामने आई दो बड़ी चोरी की घटनाओं ने न केवल पुलिस की सुस्ती उजागर की है, बल्कि पीड़ित परिवारों की उम्मीदों को भी तोड़ दिया है। खास बात यह है कि दोनों ही मामलों में बेटियों की शादी के लिए जुटाया गया सामान चोरी हुआ, जिससे परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
यह है पूरा मामला
राजपुर खुर्द गांव निवासी संगीता के घर 6 फरवरी को चोरी की वारदात हुई, जिसमें शादी के लिए रखे गए जेवर, कपड़े और अन्य जरूरी सामान चोर उठा ले गए। पीड़ित परिवार ने तत्काल कोल्हुई थाने में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने गंभीरता दिखाने के बजाय मुकदमा दर्ज करने से ही इनकार कर दिया।
मामला तब तूल पकड़ गया जब यह लापरवाही मीडिया में उजागर हुई। इसके बाद 22 फरवरी को FIR संख्या 21, धारा 305(a) BNS के तहत अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। यानी 16 दिनों तक पीड़ित परिवार न्याय के लिए भटकता रहा।
दूसरा मामला 6 मार्च का है, जब पिपरा सोहट गांव निवासी अनीता के घर से भी शादी के जेवरात और अन्य सामान चोरी हो गया। इस बार पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए FIR संख्या 30, धारा 305(a) BNS के तहत मामला दर्ज किया और संदिग्ध के रूप में रामचंद्र का नाम भी शामिल किया।
लेकिन हैरानी की बात यह है कि एक महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद न तो आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी है और न ही चोरी का कोई सामान बरामद हुआ है।
पुलिस का रटा-रटाया जवाब, जनता में नाराजगी
दोनों मामलों में जांच कर रहे एसआई हरीश मौर्य का कहना है कि “जांच जारी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।” हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि यह बयान अब महज एक औपचारिकता बनकर रह गया है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और पुलिस की निष्क्रियता से क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। वहीं, पीड़ित परिवार न्याय की आस में भटक रहे हैं।
सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि इन चोरियों ने गरीब परिवारों की बेटियों की शादी के सपनों को ही चुरा लिया है।अब बड़ा सवाल यह है कि क्या कोल्हुई पुलिस अपनी कार्यशैली में सुधार कर चोरों पर शिकंजा कसेगी, या फिर आम जनता यूं ही अपराध और लापरवाही का शिकार होती रहेगी?
Location : Maharajganj
Published : 18 March 2026, 1:30 PM IST
Topics : dreams Kolhui Police Maharajganj marriage