हिंदी
आंगनबाड़ी केंद्र भवन (img: Dynamite news)
Maharajganj: उत्तरप्रदेश के महराजगंज के लक्ष्मीपुर ब्लॉक की ग्राम पंचायत मझौली में आंगनबाड़ी केंद्र भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बावजूद आईसीडीएस अंशदान की दो लाख रुपये की धनराशि का भुगतान नहीं हो सका है। इससे ग्राम प्रधान अनिल कुमार शर्मा को आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को पत्र भेजकर धनराशि ग्राम पंचायत के ओएसआर खाते में भुगतान कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान अनिल कुमार शर्मा ने अपने शिकायती पत्र में बताया है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय से 19 जनवरी 2026 को जारी आदेश के क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण के लिए स्थल चयन किया गया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद 24 फरवरी और 7 अप्रैल 2026 को जारी पत्रों के माध्यम से संबंधित बैंक शाखा प्रबंधक को अंशदान भुगतान के लिए निर्देशित किया गया, लेकिन अब तक धनराशि का भुगतान नहीं हुआ।
यह भी पढ़ें: महराजगंज के सिसवा बाजार में डांडिया की धूम, रंग-बिरंगे परिधानों में बच्चों ने बांधा समां
ग्राम प्रधान का आरोप है कि बैंक प्रबंधक ने खाते के संचालन की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान और सचिव की बताते हुए भुगतान को लेकर संतोषजनक जवाब नहीं दिया। वहीं, संबंधित विभागों के कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। निर्माण कार्य में सामग्री उपलब्ध कराने वाले दुकानदार भी भुगतान के लिए लगातार दबाव बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इस मामले से जिलाधिकारी को भी 11 मई 2026 को पत्र के माध्यम से अवगत कराया गया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्राम प्रधान ने सीडीओ से मामले में हस्तक्षेप कर आईसीडीएस अंशदान की दो लाख रुपये की धनराशि ग्राम पंचायत के ओएसआर खाते में भुगतान कराने की मांग की है।
इस सम्बन्ध में जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा ने डाइनामाइट न्यूज़ को बताया कि मझौली गाँव में आगंनबाड़ी भवन के निर्माण के लिए बढ़हरा शिवनाथ गाँव से स्थल परिवर्तन कर बना था, आईसीडीएस अंशदान मझौली में ट्रांसफर करने के लिए BDO को निर्देशित किया गया है। DPRO श्रेया मिश्रा ने मामला संज्ञान में अभी नहीं है, प्रकरण को देख कर भुगतान कराया जायेगा
BDO मृत्युंजय यादव ने बताया की आईसीडीएस अंशदान ट्रांसफर करने के लिए सचिव और प्रशासक को चिट्ठी लिखी गई है।
Location : Maharajganj
Published : 17 October 2026, 6:26 PM IST
Topics : Maharajganj TrendingNews UP News