हिंदी
यूपी के हरदोई जनपद में मौसम ने ली करवट, तेज बारिश से मौसम हुआ सुहावना, किसानों के चेहरे खिले। पढे़ं डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी खबर
हरदोई में हुई झमाझम बारिश
Hardoi: जिले में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली और झमाझम बारिश ने पूरे क्षेत्र को तरबतर कर दिया। बीते कई दिनों से तेज धूप और उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को इस बारिश से बड़ी राहत मिली है। लंबे समय के बाद हुई इस रुक-रुक कर तेज बारिश ने जहां आम जनजीवन को सुकून दिया, वहीं पशु-पक्षियों ने भी राहत महसूस की।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे, और दोपहर होते-होते तेज बारिश का सिलसिला शुरू हो गया, जो कई घंटों तक जारी रहा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे मौसम एकदम सुहावना हो गया। लोगों ने घरों की छतों, गलियों और पार्कों में बारिश का आनंद लिया। बच्चे बारिश में नाचते-झूमते नजर आए तो वहीं किसान चेहरे पर मुस्कान लिए अपने खेतों की ओर निकल पड़े।
स्थानीय निवासी दिलीप कुमार ने बताया, कई दिनों से गर्मी और उमस के कारण हाल बेहाल था। लेकिन इस बारिश ने सुकून दे दिया है। उम्मीद है कि अब मौसम कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहेगा। उनका कहना था कि बारिश के कारण कुछ इलाकों में जलभराव की स्थिति जरूर बनी, लेकिन इससे लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई।
बारिश से उमस और तपिश से मिली निजात
मौसम विभाग ने भी पुष्टि की है कि अगले दो दिनों तक रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। विभाग के अनुसार, यह बारिश खरीफ की फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। खासकर उन किसानों के लिए, जिन्होंने धान, मूंग, उड़द जैसी फसलों की बुआई पहले ही कर दी थी।
बारिश के बाद हरदोई का हर कोना भीगता नजर आया। शहर से लेकर गांव तक हर तरफ ताजगी और ठंडक का एहसास होने लगा। लोग राहत की सांस लेते दिखे। चाय और पकौड़ों की दुकानों पर भीड़ उमड़ पड़ी। सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी हो गई, लेकिन किसी को भी इससे कोई परेशानी नहीं लगी।
स्थानीय निवासी श्रेष्ठ मिश्रा ने कहा, इस बारिश ने गर्मी की तपिश को तो कम किया ही है, साथ ही खेती-किसानी के लिए भी ये बहुत शुभ संकेत है। उम्मीद है कि आगे भी अच्छी बारिश होगी जिससे किसानों को कोई नुकसान नहीं होगा।
कुल मिलाकर देखा जाए तो हरदोई में मानसून की इस दस्तक ने गर्मी और उमस से परेशान लोग अब राहत महसूस कर रहे हैं और आने वाले दिनों में और बारिश की उम्मीद लगाए बैठे हैं।