हिंदी
केतन विशाल अग्रवाल की मौत मामले में बड़ा खुलासा (Img: Dynamite News)
Pune: पुणे में एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की याद ताजा कर दी है। यहां 26 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन विशाल अग्रवाल की मौत को पहले हादसा माना गया, लेकिन पुलिस जांच आगे बढ़ी तो कहानी पूरी तरह बदलती नजर आई। अब पुलिस का आरोप है कि केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी (22) ने मिलकर सुनियोजित तरीके से उनकी हत्या की साजिश रची।
पुलिस के मुताबिक, केतन को ट्रेकिंग के बहाने लोहागढ़ किले पर ले जाया गया और वहां से करीब 400 फीट गहरी खाई में धक्का दे दिया गया। इसके बाद पूरी घटना को दुर्घटना साबित करने की कोशिश की गई।
केतन अग्रवाल पुणे जिले के गहुंजे इलाके के रहने वाले थे और अपने परिवार के रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े हुए थे। परिवार में उनकी शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। उनकी मंगेतर सिया गोयल पुणे के एक बड़े मसाला कारोबारी की बेटी हैं। दोनों की शादी इसी साल नवंबर में राजस्थान के उदयपुर स्थित एक शाही पैलेस में तय थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस भव्य शादी पर करीब 17 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की योजना थी। मेहमानों के लिए दो चार्टर्ड विमान तक बुक किए जाने की तैयारी चल रही थी। परिवार के लोग इस आयोजन को यादगार बनाने में जुटे थे, लेकिन उससे पहले ही एक दर्दनाक घटना ने सब कुछ बदल दिया।
जानकारी के अनुसार, शादी से पहले दोनों बाली घूमने जाने वाले थे। यात्रा की तैयारियां और बुकिंग भी लगभग पूरी हो चुकी थीं। हालांकि बाद में सिया ने पासपोर्ट खो जाने की बात कहकर यह यात्रा रद्द करवा दी। इसके अलावा सिया के जन्मदिन के अवसर पर महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में विशेष कार्यक्रम की भी तैयारी थी। केतन ने वहां करीब 40 कमरे बुक कराए थे। लोहागढ़ किले पर प्री-वेडिंग फोटोशूट कराने की भी योजना बनाई जा रही थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित साजिश की शुरुआत 14 जून को ही हो गई थी। आरोप है कि उस दिन भी केतन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई थी। जांच में यह बात सामने आई कि सांप का डर दिखाकर उन्हें खाई की ओर ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन योजना सफल नहीं हो सकी। इसके बाद कुछ दिनों तक सब सामान्य दिखाया गया। केतन को किसी तरह का संदेह भी नहीं हुआ। फिर दोबारा ट्रेकिंग का कार्यक्रम बनाया गया और आखिरकार 18 जून को उन्हें लोहागढ़ किले पर ले जाया गया।
पुलिस के अनुसार, 18 जून की सुबह केतन अपनी मंगेतर के साथ सिया का प्री-बर्थडे सेलिब्रेट करने के लिए लोहागढ़ किले पहुंचे थे। कुछ ही समय बाद खबर आई कि वह खाई में गिर गए हैं। शुरुआती बयान में सिया ने दावा किया कि फोटो खिंचवाने के दौरान केतन का पैर फिसल गया और वह नीचे गिर गए। इसी आधार पर पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया था। हालांकि जांच अधिकारियों को कई बातें संदिग्ध लगीं। घटनास्थल की परिस्थितियां, बयान और अन्य जानकारियों ने पुलिस का ध्यान इस मामले की ओर खींचा।
जांच के दौरान पुलिस ने फोन रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की। इसी दौरान पता चला कि सिया और पुणे के कोंढवा निवासी चेतन चौधरी के बीच कथित प्रेम संबंध थे। पुलिस का दावा है कि सिया शादी नहीं करना चाहती थी और उसे लगता था कि केतन उसके और चेतन के रिश्ते में बाधा बन रहे हैं। इसी वजह से दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। आरोप है कि तय योजना के अनुसार सिया केतन को किले तक लेकर गई, जबकि चेतन भी वहां पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने मिलकर केतन को खाई में धक्का दे दिया।
एक बाउंड्री वॉल, महीनों की शिकायत और फिर SDM ऑफिस में हंगामा! आखिर युवक को क्यों उठाना पड़ा यह कदम?
मामले में शक गहराने पर स्थानीय क्राइम ब्रांच ने पहले चेतन चौधरी को हिरासत में लिया। पूछताछ में मिले इनपुट के बाद सिया गोयल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। केतन के पिता विशाल अग्रवाल की शिकायत पर पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किया है। अब पुलिस फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने और पूरे घटनाक्रम की हर कड़ी को जोड़ने में लगी हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस कथित साजिश में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
इस मामले की तुलना इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड से की जा रही है। उस मामले में भी हनीमून के दौरान हुई मौत की जांच में कथित तौर पर प्रेम संबंध और साजिश की कहानी सामने आई थी।
Location : Pune
Published : 23 June 2026, 5:47 PM IST