हिंदी
इनामी अपराधी शैलेन्द्र कुमार सिंह उर्फ पप्पल (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: उत्तर प्रदेश एसटीएफ को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। 16 साल से फरार चल रहे 30 हजार के इनामी अपराधी शैलेन्द्र कुमार सिंह उर्फ पप्पल को आखिरकार लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह आरोपी गुजरात के सूरत जिले में दर्ज हत्या के एक पुराने मामले में वांछित था और लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था।
एसटीएफ की टीम को लगातार इनपुट मिल रहे थे कि आरोपी उत्तर प्रदेश में छिपकर रह रहा है। इसके बाद लखनऊ यूनिट ने जाल बिछाया और 26 मार्च को थाना पीजीआई क्षेत्र से उसे दबोच लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए नाम और ठिकाना बदल लिया था। जिससे वह सालों तक गिरफ्त से बचता रहा।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ साल 2010 में गुजरात के सूरत जिले के उधना थाना क्षेत्र में हत्या का मामला दर्ज हुआ था। इसके अलावा उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। जैसे ही उसकी मौजूदगी कन्फर्म हुई। टीम ने बिना देरी किए उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया है कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। कभी गुजरात तो कभी उत्तर प्रदेश में रहकर वह पुलिस की नजरों से बचता रहा। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उसे जल्द ही गुजरात पुलिस के हवाले किया जाएगा। जहां उससे मामले में और पूछताछ की जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 27 March 2026, 2:49 PM IST
Topics : crime news Lucknow News Murder Case UP Police UP STF