हिंदी
पावर हाउस पर ग्रामीणों का प्रदर्शन (Img : Google)
Raebareli : जिले में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती अब लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन चुकी है। हालात इतने खराब हो गए हैं कि दिन-रात हो रही अघोषित कटौती से लोगों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। जिले के मल्केगांव क्षेत्र में शनिवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने पावर हाउस पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। गर्मी से बेहाल लोगों का कहना है कि बिजली विभाग के बड़े-बड़े दावे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि जमीनी हकीकत में गांवों में मुश्किल से 4 से 5 घंटे ही बिजली मिल पा रही है।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले 15 से 20 दिनों से इलाके की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। स्थानीय निवासी दीपक सिंह, कौशलेन्द्र सिंह सानू और विजय शंकर तिवारी ने बताया कि भीषण गर्मी में लंबे समय तक बिजली गायब रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। रात में कटौती सबसे ज्यादा हो रही है, जिससे बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं। लोगों का कहना है कि बिजली न रहने से पानी का संकट भी गहरा गया है और कई परिवार जनरेटर के सहारे पानी निकालने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही के साथ-साथ अवैध वसूली के आरोप भी लगाए। लोगों का कहना है कि विभाग की तरफ से बिजली बहाल होने के मैसेज भेजे जाते हैं, लेकिन सप्लाई 15 से 20 मिनट बाद फिर बंद हो जाती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ कर्मचारी तकनीकी खराबी ठीक करने और कनेक्शन जोड़ने के नाम पर पैसे मांगते हैं। इसको लेकर लोगों में काफी नाराजगी देखने को मिली।
मल्केगांव पावर हाउस के जेई ने ग्रामीणों का ज्ञापन स्वीकार करते हुए कहा कि विभाग की कोशिश निर्धारित 18 घंटे बिजली आपूर्ति देने की है। उन्होंने बताया कि 13 मई को आए तूफान की वजह से बिजली व्यवस्था प्रभावित हुई थी। जिसे अब काफी हद तक ठीक कर लिया गया है। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि रात में हो रही कटौती की समस्या को गंभीरता से लिया जा रहा है और शिकायतें उच्च अधिकारियों तक भेज दी गई हैं। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि अगर अगले सात दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
Location : Raebareli
Published : 23 May 2026, 5:06 PM IST