हिंदी
समीक्षा बैठक
Agra : पूरा उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास पहुंच चुका है और दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है। लोग गर्म हवाओं और बिजली कटौती से परेशान हैं। इन सबके बीच आगरा पहुंचे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह का फोकस गर्मी से ज्यादा बारिश की तैयारियों पर दिखाई दिया।
मंत्री ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और कहा कि मानसून आने से पहले शहर के सभी नालों की सफाई हर हाल में पूरी होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर बारिश में जलभराव की स्थिति बनी तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
शुक्रवार को आगरा पहुंचे मंत्री जयवीर सिंह ने सर्किट हाउस में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, पर्यटन परियोजनाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़कों की स्थिति पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि आगरा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी है। इसलिए यहां की बदहाल व्यवस्था सरकार की छवि खराब करती है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त किया जाए और बारिश से पहले सभी नालों की सफाई पूरी कर ली जाए।
बैठक के दौरान मंत्री ने एत्मादपुर में करीब दो करोड़ रुपये की लागत से बने स्वास्थ्य केंद्र का मुद्दा उठाया। उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि इतने बड़े स्वास्थ्य केंद्र में अब तक डॉक्टरों की तैनाती न होना गंभीर लापरवाही है। मंत्री ने अगले 16 दिनों के भीतर वहां डॉक्टर तैनात करने के निर्देश दिए।
पर्यटन विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने दावा किया कि आगरा में चल रही प्रमुख विकास परियोजनाएं सितंबर तक पूरी कर ली जाएंगी। लंबे समय से निर्माणाधीन शिवाजी म्यूजियम का काम भी सितंबर तक पूरा होने की उम्मीद जताई गई। मंत्री ने कहा कि यह म्यूजियम आगरा पर्यटन को नई पहचान देगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि आगरा किले की तर्ज पर फतेहपुर सीकरी में भी साउंड एंड लाइट शो शुरू करने की तैयारी चल रही है। इससे पर्यटकों को मुगलकालीन इतिहास और विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए देखने और समझने का मौका मिलेगा।
Location : Agra
Published : 22 May 2026, 8:55 PM IST
Topics : Agra news Heat wave Jayveer Singh UP News UP Weather