हिंदी
JJMP नक्सली समेत दो उग्रवादी गिरफ्तार
Jharkhand: झारखंड के लातेहार जिले में पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता मिली है। जिले के एसपी कुमार गौरव के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में जेजेएमपी संगठन के पांच लाख रुपये के इनामी सबजोनल कमांडर समेत दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की, जिसे हाल के दिनों में लातेहार पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। शनिवार को पुलिस सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी कुमार गौरव ने पूरे ऑपरेशन की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए उग्रवादी लंबे समय से जिले में सक्रिय थे और कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहे हैं।
एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी संगठन का सक्रिय सबजोनल कमांडर शिव नारायण सिंह उर्फ शिव सिंह उर्फ शिव जी उर्फ शिवा उर्फ कैला अपने दस्ते के साथ लातेहार थाना क्षेत्र में लगातार घूम रहा है। सूचना के मुताबिक शुक्रवार रात करीब 10 बजे यह इनामी नक्सली धनकारा मोड़ की ओर जाते हुए देखा गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
JJMP नक्सली समेत दो उग्रवादी गिरफ्तार
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए धनकारा मोड़ के पास से शिव नारायण सिंह उर्फ शिवा को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान पुलिस पूरी तरह सतर्क थी क्योंकि आरोपी पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के निशाने पर था। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में शिवा ने कई नक्सली घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक उसने संगठन से जुड़े कई अहम जानकारियां भी दी हैं।
Jharkhand News: चतरा में JJMP को बड़ा झटका, लेवी और आगजनी मामले में सक्रिय उग्रवादी गिरफ्तार
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जेजेएमपी संगठन के एक अन्य उग्रवादी एरिया कमांडर सुकुलदेव उरांव को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उसे उसके घर सेमरियाटांड़ से दबोचा। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और संगठन के नेटवर्क से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
गिरफ्तार इनामी नक्सली शिव नारायण सिंह उर्फ शिवा उर्फ कैला की उम्र करीब 27 वर्ष बताई जा रही है। वह लातेहार जिले के जेर गोदना इलाके का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ लातेहार, चतरा और रांची जिलों में कुल 24 मामले दर्ज हैं। इनमें नक्सली गतिविधियां, रंगदारी, धमकी और हिंसक घटनाओं से जुड़े गंभीर आरोप शामिल हैं।
लातेहार पुलिस सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी कुमार गौरव ने कहा कि जिले में नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और पुलिस को इसमें लगातार सफलता मिल रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य जिले में शांति व्यवस्था कायम रखना और उग्रवादी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाना है। एसपी ने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में नक्सल प्रभावित इलाकों में और सघन अभियान चलाए जाएंगे ताकि संगठन के बाकी सदस्यों पर भी कार्रवाई की जा सके।
इस पूरे ऑपरेशन में लातेहार थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा के अलावा विक्रांत कुमार उपाध्याय, कामता कुमार, संतोष कुमार, मनोज कुमार पासवान और दिपू कुमार सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों की टीम ने समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए इस अभियान को सफल बनाया।
Location : Jharkhand
Published : 23 May 2026, 4:50 PM IST