हिंदी
उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कहीं धूप से राहत मिल रही है तो कहीं ठंड और बारिश परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार 27 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे बारिश और तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा।
मौसम अपडेट (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम इन दिनों आम लोगों के लिए किसी पहेली से कम नहीं है। कभी खिली धूप राहत देती है तो कभी अचानक बढ़ती ठंड और हल्की बारिश परेशानी बढ़ा देती है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होकर बदलाव ला सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को उत्तर प्रदेश के अधिकांश जिलों में आसमान साफ रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप निकलने से तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी। हालांकि सुबह और रात के समय ठंड का असर बरकरार रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। इस दौरान 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चल सकती हैं।
Weather Update: दिल्ली-NCR में सर्दी का सितम बरकरार, रविवार को ठंड और कोहरे का असर
राजधानी लखनऊ में मौसम का मिजाज कुछ अलग नजर आ रहा है। शनिवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के करीब रहा। रविवार को दिन में धूप के चलते तापमान सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन रात में पारा गिरकर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालिया बारिश के कारण राजधानी की हवा भी कुछ हद तक साफ हुई है और एयर क्वालिटी इंडेक्स 250 से नीचे रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर-पाकिस्तान क्षेत्र में बने निम्न दबाव और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिमी यूपी में हाल ही में बारिश दर्ज की गई थी। अब जैसे-जैसे आसमान साफ होगा, अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। बरेली, कानपुर और आसपास के इलाकों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 27 जनवरी से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 28 जनवरी तक कई जिलों में बारिश की संभावना है।
बारिश और बर्फबारी से उत्तराखंड में बदला नजारा, पहाड़ चमके, तापमान गिरा, पर्यटकों को राहत
IMD के अनुसार अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद 4 से 6 डिग्री तक बढ़ोतरी संभव है। फिर एक बार तापमान में गिरावट आ सकती है। 27 और 28 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश, बिजली गिरने और 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ इलाकों में शीतलहर और पाले की स्थिति भी बन सकती है।