हिंदी
उत्तर प्रदेश में मौसम बिगड़ा (Img- Internet)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में 20 मार्च को मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पूरे प्रदेश में मौसम अस्थिर हो गया है। कई जिलों में आंधी, तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने के आसार हैं।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, गाजियाबाद, नोएडा, आगरा, अलीगढ़, बुलंदशहर, बिजनौर, बदायूं, बरेली, संभल, मुरादाबाद, रामपुर, हापुड़, हाथरस, कासगंज, एटा और फिरोजाबाद समेत 20 से अधिक जिलों में मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में तेज मौसम गतिविधियों को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में 50 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कई स्थानों पर ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी आशंका है। कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जो जनजीवन के साथ-साथ यातायात को भी प्रभावित कर सकती है।
UP में अचानक बदलेगा मौसम का मिजाज, इन 13 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट; अगले 48 घटें अहम
मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ देखने को मिलेगा। जहां बीते दिनों अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा था, वहीं अब इसमें 4 से 8 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। कई जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे आने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। हालांकि यहां पश्चिमी यूपी की तुलना में असर थोड़ा कम रहेगा। इन इलाकों में छिटपुट से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ मौसम बदला रहेगा।
तेज हवा और बारिश से बढ़ेगी परेशानी (Img- Internet)
राजधानी लखनऊ में शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होगी, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा।
नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में पिछले दो दिनों से हो रही हल्की बारिश के कारण मौसम काफी सुहावना हो गया है। तापमान में गिरावट के साथ ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में भी सुधार दर्ज किया गया है। जहां बुधवार को AQI 243 था, वहीं गुरुवार को यह घटकर 136 तक पहुंच गया।
Weather Alert: दिल्ली में फिर बदलेगा मौसम; अगले 2 दिन तक आंधी-बारिश का खतरा, तेज हवाएं और बारिश तय
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है। वहीं तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं आम लोगों के लिए भी खतरा बन सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Location : Lucknow
Published : 20 March 2026, 8:22 AM IST