हिंदी
सुल्तानपुर में दर्दनाक हादसा (Img: Pinterest)
Sultanpur: जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र के कोची गांव में रविवार आधी रात जर्जर कच्चे मकान की मुंडेर अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबने से 29 वर्षीय प्रतिभा मिश्रा उर्फ गुंजन की मौत हो गई, जबकि उसके दो मासूम बेटे भी मलबे में दब गए।
हादसे के बाद चार वर्षीय अयांश किसी तरह मलबे से बाहर निकला और अपने बाबा से लिपटकर चीख पड़ा- “बाबा उठो... घर गिर गया, मम्मी दब गई हैं।” मासूम की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आनन-फानन मलबा हटाकर सात वर्षीय आयुष को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
मलबे से निकाली गई प्रतिभा मिश्रा को गंभीर हालत में बिरसिंहपुर स्थित 100 शैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां की मौत से सात और चार वर्ष के दोनों मासूम बेटों के सिर से ममता का साया उठ गया। मृतका के पति अतुल कुमार मिश्रा मुंबई में दिहाड़ी मजदूरी करते हैं।
यह भी पढ़ें- Sultanpur: जन्माष्टमी की खुशियां मातम में बदलीं, घर लौटते परिवार पर डंपर का कहर, मां-बेटी की मौत
ग्रामीणों के अनुसार परिवार लंबे समय से जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर था। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि परिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल गया होता तो शायद यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह भी पढ़ें - Sultanpur Janmashtami 2026: आधी रात होते ही गूंजेगा ‘नंद के आनंद भयो’, स्कूल से पुलिस लाइन तक कृष्णमय हुआ सुल्तानपुर
प्रतिभा मिश्रा उर्फ गुंजन का मायका कुड़वार थाना क्षेत्र की भंडरा परशुरामपुर ग्राम पंचायत के पूरे कालू पाठक का पुरवा में है। हादसे की सूचना मिलते ही मायके में भी मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Location : Sultanpur
Published : 7 September 2026, 5:01 PM IST