हिंदी
मारपीट में घायल दो सगे भाइयों की मौत
Gorakhpur: गोरखपुर जनपद के रामगढ़ताल थाना क्षेत्र के मंझरिया गांव में 27 अप्रैल को हुई मारपीट की घटना ने अब तूल पकड़ लिया है। इस मामले में गंभीर रूप से घायल दो सगे भाइयों-अचैबर निषाद (40) और पप्पू निषाद (45) पुत्र महंगू निषाद की इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
क्या है पूरी खबर?
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद दोनों भाइयों को पहले स्थानीय स्तर पर इलाज दिलाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उन्हें गुलरिया क्षेत्र स्थित रेजीडेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। आरोप है कि दोनों के सिर में गंभीर चोटें थीं, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान पेट में टांके लगाए। इससे परिजनों को शक हुआ कि कहीं किडनी निकालने जैसी साजिश तो नहीं की गई।
6 लाख रुपये एडवांस जमा
परिवार का दावा है कि अस्पताल प्रबंधन ने इलाज के नाम पर पहले 6 लाख रुपये एडवांस जमा कराए और कुल मिलाकर करीब 10 लाख रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि एक भाई की मौत पहले ही हो चुकी थी, लेकिन अस्पताल ने उसे जिंदा दिखाकर इलाज जारी रखा और पैसे वसूलते रहे।
Maharajganj: शादी समारोह में डीजे पर डांस को लेकर मारपीट, पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार
पोस्टमार्टम हाउस पर भारी भीड़
गुरुवार देर रात दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के इलाकों में फैली, पोस्टमार्टम हाउस पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और निष्पक्ष जांच की मांग की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और लोगों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चिकित्सकीय दस्तावेजों के आधार पर जांच की जाएगी। यदि किसी प्रकार की लापरवाही या अवैध गतिविधि सामने आती है तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह मामला अब सिर्फ मारपीट तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की विश्वसनीयता पर भी सवाल खड़े कर रहा है। परिजन न्याय की मांग पर अड़े हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Location : गोरखपुर
Published : 1 May 2026, 4:14 PM IST
Topics : Gorakhpur News Latest News up crime UP News