आजमगढ़ BJP कार्यालय में बैठक के दौरान हंगामा, जिलाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता के बीच कहासुनी से बढ़ा विवाद

आजमगढ़ में भाजपा जिला कार्यालय पर संगठनात्मक बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह और वरिष्ठ नेता ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’ के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की खबर सामने आई है। घटना के समय जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, जबकि दोनों पक्षों ने घटना को लेकर अलग-अलग दावे किए हैं।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 4 October 2026, 5:28 PM IST
google-preferred

Azamgarh News: भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम को लेकर रविवार को जिला कार्यालय में चल रही बैठक उस वक्त चर्चा में आ गई, जब जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह और वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’ के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की तक पहुंचने की बात सामने आई। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भाजपा के जिला कार्यालय में हुए इस विवाद को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। खास बात यह है कि जिस समय यह घटनाक्रम हुआ, उस दौरान पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, एमएलसी और आजमगढ़ के जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह भी कार्यालय में मौजूद थे।

संगठनात्मक बैठक के दौरान शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, भाजपा जिला कार्यालय में आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह के अलावा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह, पूर्व प्रत्याशी और पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद थे। बताया गया कि बैठक का एक एजेंडा आगामी 7 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रम से जुड़ा था। इसी दौरान मंच से नेताओं के नाम और बोलने को लेकर स्थिति बिगड़ गई।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई चर्चा

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में भाजपा कार्यालय के भीतर कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अफरा-तफरी जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। कुछ मीडिया रिपोर्टों में कथित हाथापाई और थप्पड़बाजी की बात भी कही गई है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

आजमगढ़ में पूजा के बीच तीन हत्याएं, बच्चों संग कमरे में बंद हुआ आरोपी; रात में ATS मुठभेड़ में मौत

ज्ञानेंद्र सिंह बोले- हाथापाई नहीं हुई

विवाद के बाद वरिष्ठ नेता ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ‘ज्ञानू’ ने घटना को अलग तरीके से बताया। उनके मुताबिक, जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह के बोलने के बाद वह उनसे अपनी बात रखने के लिए कुछ समय मांग रहे थे। उनका कहना है कि इसी दौरान जिलाध्यक्ष की ओर से आपत्ति जताई गई और बकझक हुई। ज्ञानेंद्र सिंह ने यह भी कहा कि हाथापाई जैसी कोई घटना नहीं हुई, बल्कि केवल कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह बैठक से निकल गए।

जिलाध्यक्ष ने वीडियो को बताया गलत

वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह ने सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो और घटना की व्याख्या पर सवाल उठाया है। उनका कहना है कि इंटरनेट मीडिया पर प्रचलित वीडियो गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। उनके अनुसार, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बैठाने के दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बनी थी और उसी घटना का वीडियो बनाकर प्रसारित किया गया।

आखिर कौन सा ऐसा तूफान आया था? जब पूजा घर बन गया श्मशान! जानिए आजमगढ़ में हुई इस ट्रिपल मर्डर मिस्ट्री का पूरा सच

विवाद के बाद बंद कमरे में हुई बैठक

घटना के बाद ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू’ बैठक से निकल गए। इसके बाद जिला प्रभारी डॉ. धर्मेंद्र सिंह ने जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह और पार्टी के कुछ पूर्व प्रत्याशियों तथा वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में बैठक की। यह बैठक करीब 45 मिनट तक चली। इस दौरान भाजपा कार्यालय के बाहर भी कार्यकर्ताओं के बीच अंदर हुए घटनाक्रम को लेकर चर्चा होती रही।

नए जिला प्रभारी के सामने विवाद से चर्चा तेज

डॉ. धर्मेंद्र सिंह को हाल ही में आजमगढ़ का जिला प्रभारी बनाया गया है। सितंबर के अंत में भाजपा जिला कार्यालय पर उनके स्वागत कार्यक्रम के दौरान जिलाध्यक्ष ध्रुव सिंह की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया था। उस दौरान संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ काम करने की बात कही गई थी।

Location :  Azamgarh

Published :  4 October 2026, 5:28 PM IST

Related News

Advertisement