हिंदी
यूपी में बढ़ी गलन (Img: Google)
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से बीते कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली, जिससे ठंड में अचानक बढ़ोतरी हो गई। बुधवार को भी मध्य और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, वहीं तेज हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया।
अब बारिश भले ही थम रही हो, लेकिन ठंड और कोहरे की वापसी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 29 जनवरी से प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि सुबह के समय घने कोहरे का असर कई जिलों में देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।
अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन इसके बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से दोबारा बारिश के आसार जताए गए हैं।
Weather Update: बूंदाबांदी और बादलों से बढ़ी ठंड, क्या एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में पश्चिमी यूपी में अधिकतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है, जबकि पूर्वी यूपी में 2 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज होने की संभावना है। न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 72 घंटों में इसमें 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट हो सकती है, जिससे रात और सुबह के समय कड़ाके की ठंड महसूस होगी। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में हल्की बढ़ोतरी संभव है।
बुधवार को प्रदेश में बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बरेली में 9.2 डिग्री और फतेहपुर में 10 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। वहीं प्रयागराज में अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा।
यूपी में मौसम का बड़ा उलटफेर: प्रदेश में आंधी-बारिश का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो कन्नौज में सबसे ज्यादा 41 मिमी बारिश दर्ज की गई, इसके बाद हरदोई, बाराबंकी और लखीमपुर खीरी जैसे जिलों में भी अच्छी बारिश हुई।
राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह कोहरे का असर दिखाई दे सकता है। दिन में मौसम शुष्क रहेगा और हल्की धूप निकलने के आसार हैं। यहां बारिश की कोई संभावना नहीं है। अधिकतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, जबकि न्यूनतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
Location : Lucknow
Published : 29 January 2026, 8:10 AM IST
Topics : FOG IMD warning UP Weather uttar pradesh Weather Update