

उत्तर प्रदेश में 5 और 6 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी, पश्चिमी यूपी में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अनुमान, तापमान में गिरावट। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश की तुलना में पश्चिमी हिस्सों में अधिक बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में मॉनसून का असर
Lucknow: उत्तर प्रदेश में मॉनसून का असर अब भी जारी है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का सिलसिला बना हुआ है, जिससे आम जनता को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, 5 और 6 अक्टूबर को भी बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान पूर्वी उत्तर प्रदेश की तुलना में पश्चिमी हिस्सों में अधिक बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 5 अक्टूबर के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम में बड़े बदलाव की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के लगभग 23 जिलों में मेघगर्जन और वज्रपात (बिजली गिरने) के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही 17 जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। किसानों और आम जनता को वज्रपात के खतरे से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, आगामी दिनों में प्रदेश के मौसम में अहम बदलाव देखने को मिलेंगे। एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 5 अक्टूबर से बारिश में इजाफा होगा। 6 अक्टूबर को प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में कहीं-कहीं ओलावृष्टि और भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
आज, यानी 5 अक्टूबर को, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, बरेली, संभल और बदायूं जैसे जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और बारिश की संभावना है। इसके अलावा इन जिलों में बादल गरजने और बिजली गिरने का भी अलर्ट जारी किया गया है।
UP Weather Update: यूपी में नहीं मिलेगी राहत, गर्मी और उमस से अगले 5 दिन बेहाल रहेंगे लोग
बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आई है। गोरखपुर में भारी बारिश के बाद अधिकतम तापमान 25.7°C दर्ज किया गया। इसी तरह बलिया में 26°C, जबकि बांदा में 29.4°C तापमान देखा गया। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 30°C से नीचे चला गया है, जो कि राहत की बात है। मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी दिनों में बारिश के चलते पारे में और गिरावट देखी जा सकती है।
मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में कमी आने का अनुमान जताया है। 9 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क होने की संभावना है और बारिश का सिलसिला थम सकता है।
UP Weather Update: प्रदेश में मानसून का कहर! भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी
किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी फसलों को सुरक्षित रखें, खासकर ओलावृष्टि के दौरान। साथ ही आम जनता को बिजली गिरने और तेज हवाओं से बचने के लिए सावधान रहने की सलाह दी गई है।