UP Weather: कोहरे की चादर में लिपटा उत्तर प्रदेश, 23 शहरों में IMD का रेड अलर्ट; जानें ताजा हाल

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे से हालात गंभीर हो गए हैं। 23 शहरों में रेड अलर्ट जारी है। कई जिलों में दृश्यता शून्य रही और शीतलहर से दिन का तापमान तेजी से गिर गया, जिससे यातायात और जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।

Updated : 27 December 2025, 7:41 AM IST
google-preferred

Lucknow: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, कई जिलों में दृश्यता शून्य तक पहुंच गई है, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात पर गहरा असर पड़ा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग ने 23 शहरों में घने कोहरे का रेड अलर्ट और 31 शहरों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

सर्दी ने तोड़े रिकॉर्ड

शुक्रवार की सुबह प्रदेश के कई प्रमुख शहरों में हालात बेहद चिंताजनक रहे। बरेली, गोरखपुर, कुशीनगर और कानपुर समेत पांच केंद्रों पर दृश्यता शून्य दर्ज की गई। इसके चलते सुबह के समय सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए, वहीं कई स्थानों पर उड़ानें और ट्रेनें प्रभावित रहीं। बहराइच, लखनऊ एयरपोर्ट, फतेहगढ़, कानपुर शहर और हरदोई में दृश्यता महज 20 मीटर के आसपास सिमटी रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

UP Weather Today: लखनऊ-गोरखपुर में घना कोहरा, आगरा में धूप से मिली राहत, IMD का ताजा अपडेट

ठंड का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में न्यूनतम तापमान गिरकर 5.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। इटावा में 6.4, बाराबंकी में 6.8, प्रयागराज में 7.0 और सुल्तानपुर में 7.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। सुल्तानपुर में अधिकतम तापमान मात्र 13.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 8 डिग्री से अधिक कम है, जबकि बहराइच में दिन का पारा 14.2 डिग्री सेल्सियस पर सिमट गया।

उड़ान-ट्रैफिक पर कोहरे की मार

मौसम विभाग के अनुसार, शीतलहर के चलते दिन के तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री से गिरकर 16.4 डिग्री सेल्सियस रह गया, यानी करीब 4.7 डिग्री की गिरावट आई। यह तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम है। दिनभर कोहरा और धुंध छाई रही। दोपहर बाद सूरज की हल्की किरणें जरूर निकलीं, लेकिन ठंड से कोई खास राहत नहीं मिली।

रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी जरूर हुई, लेकिन ठिठुरन कम नहीं हुई। रात का पारा 6.4 डिग्री से बढ़कर 7.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जो अब भी सामान्य से कम है। बर्फीली हवाओं के कारण गलन और कंपकंपी लोगों को लगातार परेशान कर रही है। कई इलाकों में कोहरे के साथ पाला पड़ने की भी खबरें हैं, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।

UP Weather Update: कड़ाके की ठंड के साथ घने कोहरे का कहर, 64 जिलों में IMD का अलर्ट; पढ़ें पूरी खबर

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जेट स्ट्रीम की ऊंचाई में कमी आने के कारण उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में ठंड का असर और तेज हो गया है। कश्मीर से लेकर बिहार तक शीतलहर का प्रभाव देखा जा रहा है। आईएमडी के अनुसार, रविवार तक घने कोहरे का रेड अलर्ट जारी रह सकता है, जबकि करीब 20 जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर सुबह और रात के समय अनावश्यक यात्रा से बचने, गर्म कपड़े पहनने और कोहरे में वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की अपील की गई है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं, जिससे प्रदेशवासियों को अभी और सर्दी झेलनी पड़ सकती है।

Location : 
  • Lucknow:

Published : 
  • 27 December 2025, 7:41 AM IST