हिंदी
यूपी का मौसम अलर्ट
लखनऊ : यूपी के कई इलाकों में आंधी और बारिश का खतरा अब कम हो गया है। दो जून तक बीच में एक बार मौसम बिगड़ सकता है। बाकी दिनों में आसमान साफ रहेगा। तापमान के साथ नमी भी बढ़ेगी। मौसम विभाग के अनुसार अब 30 मई को ही आंधी और बारिश के संकेत हैं। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आ सकती है। बारिश के भी आसार हैं।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, इसके अलावा बाकी दिनों में भीषण गर्मी के संकेत हैं। तापमान एक बार फिर गर्मी बढ़ाएगा। मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। इधर मंगलवार को अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक 26.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का अधिकतम प्रतिशत 81 रहा।
पिछले कई दिनों से चल रही पुरवा हवा के कारण रात का तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। दिन और रात के तापमान में अंतर कम होने से गर्मी का अहसास बढ़ जाता है। पिछले 24 घंटों के दौरान दिन और रात के तापमान में करीब 9.0 डिग्री सेल्सियस का ही अंतर रहा। चक्रवाती हवा की स्थिति प्रभावी रहेगी। इसके चलते कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
पिछले तीन-चार दिनों से बादलों की आवाजाही या हल्का कोहरा रहने के कारण दिन में धूप का असर ज्यादा नहीं रहा। सुबह से ही धूप तीखी रही। दोपहर होते-होते सड़कें और इमारतें तपने लगीं। ऊपर से चल रही नम हवा के कारण पसीना सूख नहीं रहा था। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के ऊपर बना चक्रवाती हवाओं का घेरा कमजोर रहा। खासकर राजधानी लखनऊ और आसपास के इलाकों में बादल नजदीक तक नहीं फटके। वहीं, उमस भी काफी अधिक रही।
मौसम विभाग ने कहा है कि सोनभद्र, चंदौली, गाज़ीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराईच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, फर्रुखाबाद, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बरेली, पीलीभीत, शाहजहाँपुर, बदायूँ और आसपास के इलाकों में गरज/बिजली गिरने की संभावना है।
Location : Lucknow
Published : 28 May 2025, 8:45 AM IST