हिंदी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव (Img: Dynamite News)
Lucknow: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासन के दौरान उत्तर प्रदेश के 72 जिलों में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 151 प्रतिमाएं तोड़ी गई हैं। अखिलेश के मुताबिक, इन मामलों में कार्रवाई का आंकड़ा भी सवाल खड़े करता है।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में हर साल 15 से ज्यादा आंबेडकर प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि बलिया में सबसे ज्यादा प्रतिमाएं तोड़े जाने के मामले सामने आए हैं। सपा अध्यक्ष ने सवाल उठाया कि इन घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों पर कितनी कार्रवाई हुई।
उन्होंने दावा किया कि 14 मामलों में गिरफ्तारी हुई है, जबकि 45 मामलों में आरोपी अज्ञात हैं। आठ मामलों में नामजद शिकायत दर्ज होने की बात कही गई और 84 मामलों में कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव ने इसी आधार पर भाजपा पर आंबेडकर और उनके विचारों के प्रति सम्मान नहीं रखने का आरोप लगाया।
सपा प्रमुख ने आरक्षण के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि लेटरल एंट्री और आउटसोर्सिंग जैसी व्यवस्थाओं को लेकर उनकी पार्टी लगातार सवाल उठाती रही है। अखिलेश यादव का आरोप है कि पीडीए समाज से आने वाले अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां नहीं दी जातीं। उन्होंने चुनाव से जुड़ी जिम्मेदारियों में अधिकारियों की तैनाती का भी मुद्दा उठाया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने सुभासपा अध्यक्ष और यूपी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर पर भी इशारों में निशाना साधा। उन्होंने राजभर के सोशल मीडिया पोस्ट कम होने को लेकर कहा कि कहीं उनका पासवर्ड तो नहीं छिन गया। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि अगर पासवर्ड ही नहीं है तो पोस्ट कैसे किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने के लक्ष्य पर काम करेगी। उन्होंने महिलाओं और आर्थिक सहायता से जुड़े वादों का भी जिक्र किया।
ये भी पढ़ें- DUSU रिजल्ट के बाद निशिकांत दुबे का राहुल गांधी पर तंज, बोले- ‘कभी राखी सावंत के साथ मंच साझा करते नजर आएंगे’
अखिलेश ने कहा कि सपा सरकार बनने पर किसानों को लाभकारी मूल्य, गन्ने का 24 घंटे में भुगतान और एथनॉल-चीनी के मुनाफे में हिस्सेदारी दिलाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने तिल, सोयाबीन और सरसों का तेल बनाने के लिए कारखाने लगाने की बात भी कही।
अखिलेश यादव ने यह भी संकेत दिया कि नवरात्र के दौरान कई बड़े नेता समाजवादी पार्टी से जुड़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि उस समय उनकी औपचारिक सदस्यता कराई जाएगी। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर अपनी छवि खराब करने के लिए कंटेंट क्रिएटर्स को पैसे देने का आरोप भी लगाया।
Location : Lucknow
Published : 20 September 2026, 4:24 PM IST