हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 126 के पास एयर स्ट्रिप के समीप एक खड़े ट्रक की बॉडी से संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात व्यक्ति का शव लटका मिला। गाजीपुर से लखनऊ आ रहे इस ट्रक पर शव देखकर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के हरदोई चौराहे के पास दिल्ली से इन्हौना आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस सड़क किनारे पेड़ से टकराकर फंस गई। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। हादसे के बाद यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दुर्घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बस्ती जिले के महसो चौकी क्षेत्र में मनीष पांडेय की हत्या के मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। सीओ रुधौली की रिपोर्ट पर चौकी प्रभारी सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव और कांस्टेबल सतीश कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कोल्हुई क्षेत्र में बारावफात के जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन करीब पांच घंटे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद रखने का बड़ा निर्णय लिया। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या तकनीकी बाधा से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हो सके।
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के थम्मनपुर गांव में मंगलवार शाम अभिषेक पासवान ने पेट में चाकू मारकर ऋषिकांत दुबे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल से वाराणसी बीएचयू रेफर कराया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर शांति व्यवस्था कायम कर दी है।
मिर्जापुर में आगामी बारावफात और रक्षाबंधन त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसपी अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी बल ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे जनपद को 5 जोन व 19 सेक्टरों में बांटकर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के गांवों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। झुंड में घूम रहे आक्रामक कुत्तों के कारण घरों के बाहर खेलने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।

प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के चंपतपुर गांव में मंगलवार रात मूसलाधार बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली राकेश पाल की 6 वर्षीय पुत्री सेजल अचानक कच्ची पशुशाला की दीवार ढहने से मलबे में दब गई। जब तक ग्रामीण उसे बाहर निकालते, उसकी मौत हो चुकी थी।
Location : Lucknow
Published : 26 August 2026, 8:53 AM IST