हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Source: Pinterest)
Ballia: बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के थम्मनपुर गांव में मंगलवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में युवक के पेट में चाकू लगने से उसकी हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू अस्पताल वाराणसी रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त की शाम करीब छह बजे फेफना पुलिस को सूचना मिली कि थम्मनपुर निवासी ऋषिकांत दुबे पुत्र गुड्डू दुबे पर चाकू से हमला किया गया है। बताया गया कि गांव के ही अभिषेक पासवान पुत्र भूपेंद्र पासवान ने युवक के पेट में चाकू मार दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने घायल ऋषिकांत दुबे को तत्काल जिला अस्पताल बलिया पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उनकी हालत की गंभीरता को देखते हुए प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए बीएचयू अस्पताल वाराणसी रेफर कर दिया गया। युवक की हालत को लेकर परिजन चिंतित हैं और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है। वहीं, पुलिस ने नामजद आरोपी अभिषेक पासवान को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
झूठे केस का डर दिखाकर वसूली का खेल, बदायूं पुलिस ने ऐसे खोला ब्लैकमेलिंग गैंग का राज
क्षेत्राधिकारी सदर अक्षय कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Ballia
Published : 26 August 2026, 8:06 AM IST