हिंदी
बदायूं में ठगी के खेल का पर्दाफाश
Badaun: जनपद के थाना सिविल लाइंस पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बलात्कार के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर लोगों से मोटी रकम ऐंठते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की रकम में से 1,07,000 रुपये नकद बरामद किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में वांछित और शातिर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई मंगलवार को की गई।
पुलिस के मुताबिक पीड़ित को डरा-धमकाकर झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसा देने की धमकी दी गई थी। बदनामी और जेल जाने के डर से पीड़ित से डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। लोकलाज के भय से पीड़ित ने रुपये दे भी दिए। इसके बाद पीड़ित ने हिम्मत जुटाकर थाना सिविल लाइंस में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया।
1.अजय शर्मा पुत्र हरिभगवान शर्मा, निवासी बरातेगदार, थाना सिविल लाइंस, बदायूं। 2.अमन उर्फ मयंक शर्मा पुत्र दिनेश शर्मा, निवासी मोहल्ला चौबे, थाना कोतवाली, बदायूं ने पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
आरोपियों ने बताया कि वे लंबे समय से इसी तरह लोगों को झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर वसूली करते थे।
थाना प्रभारी सिविल लाइंस ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 1,07,000 रुपये नकद बरामद हुए हैं, शेष रकम की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Badaun
Published : 26 August 2026, 5:30 AM IST